Tomato Price Falls: केंद्र सरकार ने दिल्ली-एनसीआर और कुछ अन्य क्षेत्रों में रविवार से टमाटर 80 रुपये किलोग्राम के भाव पर बेचने की घोषणा की है। टमाटर की ऊंची कीमतों से आम लोगों को राहत देने के लिए पहले सरकार इसकी बिक्री 90 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर कर रही थी। सरकार ने शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल वैन के जरिये रियायती 90 रुपये प्रति किलोग्राम के रेट पर टमाटर की बिक्री शुरू की थी। शनिवार को कुछ अन्य शहरों में सरकार ने रियायती दरों पर टमाटर की बिक्री शुरू की।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सरकार के हस्तक्षेप के बाद टमाटर की थोक कीमतों में कमी आई है। सरकार ने देश में कई जगहों पर 90 रुपये की रियायती दर पर टमाटर की बिक्री शुरू की थी।
आज से हो गई शुरुआत
बयान में कहा गया है कि देश में 500 से अधिक स्थानों से मिली सूचनाओं के आधार पर सरकार ने स्थिति का जायजा लिया है। अब सरकार ने रविवार 16 जुलाई से 80 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर टमाटर की बिक्री करने का फैसला किया है।
सहकारी समितियों भारतीय राष्ट्रीय कृषि विपणन संघ (नेफेड) और भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (एनसीसीएफ) के माध्यम से दिल्ली, नोएडा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, पटना, मुजफ्फरपुर और आरा में कई स्थानों पर रविवार से 80 रुपये किलो के भाव पर टमाटर की बिक्री शुरू हो गई है। सोमवार से कुछ और शहरों में रियायती दर पर टमाटर की बिक्री शुरू की जाएगी।
कैसे बिकेगा सस्ता टमाटर
सहकारी समितियां एनसीसीएफ और नेफेड केंद्र की ओर से मोबाइल वैन के जरिये टमाटर बेच रही हैं। मानसूनी बारिश और कम उत्पादन के सीजन की वजह से देश के प्रमुख शहरों में खुदरा बाजारों में टमाटर के दाम ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। कई शहरों में तो यह 250 रुपये किलो के भाव पर बिक रहा है।
