Stock Market Today : घरेलू शेयर बाजार ने गुरुवार को मजबूत शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा चढ़कर 77,019.69 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 160 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 24,041.95 तक पहुंच गया है। बाजार में सबसे ज्यादा मजबूती बैंकिंग शेयरों में रही, जबकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
बैंकिंग शेयरों में तेजी
आज की तेजी में सबसे बड़ा योगदान बैंकिंग शेयरों का रहा। निफ्टी बैंक 0.82 फीसदी की बढ़त के साथ 57,208 के ऊपर पहुंच गया। इसके अलावा प्राइवेट बैंक, वित्तीय सेवाएं, रियल्टी, फार्मा, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स जैसे सेक्टरों में भी खरीदारी देखने को मिली। खासकर कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स करीब 2 फीसदी की मजबूती के साथ कारोबार कर रहा था, जो बाजार की व्यापक मजबूती का संकेत देता है।
IT सेक्टर में दबाव
हालांकि पूरे बाजार में तेजी के बीच सूचना प्रौद्योगिकी यानी आईटी सेक्टर दबाव में रहा। निफ्टी आईटी करीब 1.5 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था, जिससे यह दिन का सबसे कमजोर सेक्टर बना। मेटल इंडेक्स में भी हल्की कमजोरी देखने को मिली, जबकि बाकी अधिकांश सेक्टर हरे निशान में कारोबार करते दिखे।
मार्केट ब्रेड्थ पॉजिटिव
बाजार में जोरदार खरीदारी के चलते मार्केट ब्रेड्थ पॉजिटव है। निफ्टी मिडकैप 100, स्मॉलकैप 100 और निफ्टी 500 जैसे व्यापक बाजार सूचकांक करीब 1 फीसदी तक चढ़े। इससे साफ संकेत मिलता है कि खरीदारी केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं है, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है।
इंडिया विक्स में नरमी
निवेशकों के लिए एक और राहत की बात यह रही कि वोलैटिलिटी इंडेक्स India Vix करीब 7 फीसदी गिरकर 13.64 पर आ गया। वीआईएक्स में गिरावट आमतौर पर बाजार में घबराहट कम होने और निवेशकों का भरोसा बढ़ने का संकेत मानी जाती है। वैश्विक संकेत भी मिले-जुले रहे। एशियाई बाजारों में निक्केई और स्ट्रेट्स टाइम्स में तेजी रही, जबकि हैंगसेंग और शंघाई कम्पोजिट लाल निशान में कारोबार करते दिखे। दूसरी ओर ब्रेंट क्रूड करीब 79 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना रहा, जबकि डॉलर के मुकाबले रुपया मामूली मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आया।
क्यों आई तेजी?
क्रूड ऑयल की कीमतों में फिलहाल कल से स्थिरता बनी हुई है। इसके अलावा ट्रंप ने बयान दिया है कि ईरानी पक्ष ने उनसे बात शुरू की है। ऐसे में बाजार में निवेशकों के बीच घबराहट घटी है। इसके अलावा आज सेंसेक्स में वीकली एक्सपायरी का भी असर है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : IMF और ADB ने घटाया भारत की विकास दर का अनुमान, महंगे कच्चे तेल का असर
