बिजनेस

शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 331 अंक उछला, इन शेयरों में जमकर खरीदारी

शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी देखने को मिली। बाजार की इस तेजी में खास तौर पर IT शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली, जिससे निवेशकों का सेंटीमेंट बेहतर हुआ।

Image

सेंसेक्स

वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी आने से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार दो दिन की गिरावट के बाद बढ़कर बंद हुए। सेंसेक्स में 331 अंक की तेजी रही जबकि निफ्टी 85 अंक चढ़ा। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 330.92 अंक बढ़कर 77,264.51 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 424.38 अंक बढ़कर 77,357.97 अंक तक पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 84.80 अंक की बढ़त के साथ 24,175.65 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाइटन और इटर्नल के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

आईटी स्टॉक्स में लौटी तेजी

इसके उलट, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और आईटीसी के शेयरों में गिरावट रही। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि आईटी शेयरों में मजबूत बढ़त से भारतीय शेयर बाजार ऊंचे स्तर पर बंद हुए। एनवीडिया के मजबूत तिमाही नतीजों और सकारात्मक परिदृश्य से आईटी क्षेत्र को समर्थन मिला, जिससे कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े निवेश को लेकर उम्मीद मजबूत हुई। हालांकि, उन्होंने कहा कि निवेशकों की भागीदारी चुनिंदा शेयरों तक सीमित रही क्योंकि बाजार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन की टिप्पणियों का इंतजार है।

विदेशी निवेशकों ने की बिकवाली

इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 298.26 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 539.35 अंक गिरकर 76,933.59 अंक और निफ्टी 116.90 अंक टूटकर 24,090.85 अंक पर बंद हुआ था। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक गिरावट में बंद हुए, जबकि जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। यूरोपीय बाजार सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत गिरकर 89.63 डॉलर प्रति बैरल पर था।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और भारतीय रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप के कारण अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को छह पैसे की बढ़त के साथ 95.39 (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि डॉलर के थोड़ा मजबूत होने और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की पूंजी निकासी से घरेलू मुद्रा पर दबाव बना रहा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 95.54 पर खुला और कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.31 से 95.57 के दायरे में कारोबार करता रहा। अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले छह पैसे की बढ़त दर्ज करते हुए 95.39 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article