ईरान अमेरिका के बीच तनाव होने की उम्मीद से सोमवार को दुनियाभर के बाजारों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। इस सकारात्मक बदलाव का सबसे बड़ा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा है, जहां क्रूड ऑयल 5% से ज्यादा टूटकर 98 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया है। मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में 5% की भारी गिरावट से आज भारतीय शेयर बाजार में ऐतिहासिक तेजी देखी जा रही है। ग्लोबल मार्केट से मिले मजबूत बूस्टर सिग्नल्स के दम पर आज बाजार खुलते ही सेंसेक्स ने एक बड़ी और धमाकेदार छलांग लगाई है।
शुरुआती कारोबार में ही बीएसई सेंसेक्स 854 अंक यानी 0.96% की भारी बढ़त के साथ 76,269.93 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। वहीं निफ़्टी 50 में 250 अंक की तेजी देखने को मिली है. इससे पहले सुबह गिफ्ट निफ्टी (GIFT Nifty) ने भी 305 अंकों की विशाल बढ़त के साथ 23,996 का स्तर छूकर इस बंपर गैप-अप ओपनिंग के साफ संकेत दे दिए थे, जिससे आज निवेशकों में भारी उत्साह है।
पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 231.99 अंक चढ़कर 75,415.35 के स्तर पर बंद हुआ था, लेकिन आज कच्चे तेल की नरमी से एविएशन, पेंट, केमिकल और ऑटो सेक्टर के शेयरों में जोरदार लिवाली आने से सेंसेक्स और निफ्टी एक बार फिर नए रिकॉर्ड स्तरों को छूने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बाजार में तेजी के तीन कारण
सोमवार को शेयर मार्केट में आई इस तूफानी रैली के पीछे एक नहीं, बल्कि तीन-तीन बड़े कारण हैं, जिनका सीधा कनेक्शन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से है। दरअसल, ट्रंप ने मिडिल ईस्ट में ईरान युद्ध को खत्म करने और वैश्विक तेल सप्लाई के लिए सबसे महत्वपूर्ण 'होर्मुज स्ट्रेट' को जल्द से जल्द दोबारा खोले जाने के मजबूत संकेत दिए हैं, जिससे बाजार का जोश हाई हो गया है।बाजार का सेंटीमेंट बदलने में दूसरा सबसे बड़ा कारण भी इसी से जुड़ा हुआ है। ट्रंप द्वारा ईरान-अमेरिका के बीच सुलह के संकेतों का सबसे सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर दिखाई दिया, जो इस ग्लोबल टेंशन के बीच दुनिया भर के बाजारों को डरा रही थीं और महंगाई बढ़ाने का मुख्य कारण बनी हुई थीं। सोमवार को ब्रेंट क्रूड का दाम टूटकर 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया, जिससे वैश्विक स्तर पर महंगाई कम होने की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
तीसरा बड़ा कारण भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर आया लेटेस्ट अपडेट है। दरअसल, चार दिवसीय भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि इंडिया-यूएस ट्रेड डील को बहुत जल्द अंतिम रूप दिया जा सकता है, जो दोनों ही देशों के व्यापार के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा। विदेश मंत्री के इस सकारात्मक बयान ने भारतीय बाजार के सेंटिमेंट को और मजबूत कर दिया है।
