बिजनेस

Share Market: स्टॉक मार्केट में तेजी का सिलसिला जारी, नए शिखर पर सेंसेक्स और निफ्टी

  • Edited by: Rohit Ojha
  • Updated Sep 2, 2024, 04:50 PM IST

Share Market: कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका में नीतिगत ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ने और घरेलू स्तर पर विदेशी पूंजी के प्रवाह से शेयर बाजारों में तेजी का दौर देखा जा रहा है। एनएसई निफ्टी की वर्ष 1996 में शुरुआत होने के बाद से लगातार तेजी का यह सबसे लंबा दौर है।

Image

स्टॉक मार्केट में तेजी।

Photo : iStock

Share Market: विदेशी फंड्स के प्रवाह और अमेरिकी बाजारों में तेजी के बीच शेयर बाजार सोमवार को नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। सेंसेक्स 194 अंक बढ़ा जबकि निफ्टी में 43 अंक की बढ़त दर्ज की गई। कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका में नीतिगत ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ने और घरेलू स्तर पर विदेशी पूंजी के प्रवाह से शेयर बाजारों में तेजी का दौर देखा जा रहा है। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित इंडेक्स सेंसेक्स लगातार 10वें सत्र में बढ़कर नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स ने 194.07 अंक यानी 0.24 प्रतिशत उछलकर 82,559.84 अंक के नए मुकाम को हासिल किया। दिन में कारोबार के दौरान एक समय यह 359.51 अंक बढ़कर 82,725.28 के नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था।

निफ्टी में लगातार तेजी

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 42.80 अंक यानी 0.17 फीसदी चढ़कर 25,278.70 अंक के नए उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान इसने 25,333.65 अंक के नए सर्वकालिक उच्चस्तर को छुआ। इस तरह निफ्टी लगातार 13वें दिन बढ़त के साथ बंद हुआ। एनएसई निफ्टी की वर्ष 1996 में शुरुआत होने के बाद से लगातार तेजी का यह सबसे लंबा दौर है।

इन शेयरों में बढ़त

सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक, इंडसइंड बैंक, ईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक और इन्फोसिस सर्वाधिक बढ़त हासिल करने में सफल रहीं। दूसरी तरफ टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

एफआईआई की खरीदारी

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 5,318.14 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बड़ी कंपनियों के शेयरों की वजह से बाजार स्थिर लेकिन हल्की तेजी के दौर में पहुंचता दिख रहा है। पिछले सप्ताह कुछ बड़े थोक सौदों की वजह से एफआईआई के खरीदार बनने से भी बाजार की धारणा बेहतर हुई है।

बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 231.16 अंक चढ़कर 82,365.77 अंक के सर्वकालिक उच्चस्तर पर बंद हुआ था। वहीं एनएसई निफ्टी 83.95 अंक की बढ़त के साथ 25,235.90 अंक के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

Rohit Ojha
Rohit Ojhaauthor

<p>रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में पांच साल से अधिक का अनुभव। चुनावी खबरों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर फिलहाल स्टॉक मार्केट, इकोनॉमी और पर्सनल फाइनेंस की खबरों के साथ जारी है। डेस्क और फील्ड दोनों में ही काम करने का तजुर्बा। टाइम्स नाऊ नवभारत से पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। अमर उजाला, टीवी9 हिंदी, इंडिया टीवी, आज तक जैसे मीडिया संस्थान में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। स्टॉक मार्केट और इकोनॉमी के साथ-साथ देश की सियासी घटनाओं पर लिखने का अनुभव है। 2019 के आम चुनाव से लेकर तमाम विधानसभा की चुनावी खबरों पर काम किया है। 2019 का क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल की खबरों पर भी काम किया है। किस्से-कहानियों में मन लगता है। शारदा यूनिवर्सिटी से मास-कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म किया है। गृह जनपद- बक्सर। साहित्य, सियासत और सिनेमा पर लिखना-पढ़ना खूब पसंद है।</p>

और पढ़ें
End of Article