Stock Market News: शेयर बाजार में शनिवार को वीकली हॉलिडे रहता है लेकिन जनवरी 2024 में इस दिन ट्रेडिंग होने वाली है। वजह डिजास्टर रिकवरी (डीआर) साइट पर स्विच करने के लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) दो विशेष लाइव सेशन कर रहा है। पहला सेशन सुबह 9:15 बजे शुरू होगा और यह सुबह 10:00 बजे बंद होगा जबकि दूसरा सेशन सुबह 11:30 बजे शुरू होकर 12:30 बजे बंद होगा। यह लाइव सेशन 20 जनवरी 2024, शनिवार को आयोजित किया जाएगा।
क्या करना चाहता है स्टॉक एक्सचेंज
इस ट्रेडिंग सेशन के जरिए स्टॉक एक्सचेंज डिजास्टर रिकवरी (DR) साइट का ट्रायल करेगा। ताकि किसी तरह की दिक्कत होने पर बिना किसी समस्या के ट्रेडिंग की जा सके। आसान भाषा में कहें तो किसी साइबर अटैक, सर्वर क्रैश या अन्य विषम परिस्थितियों में ट्रेडिंग डिजास्टर रिकवरी (डीआर) साइट पर की जा सकेगी। इससे मार्केट और निवेशकों में स्थिरता बनी रहेगी।
क्या है प्लान
एनएसई ने इसके लिए सर्कुलर भी जारी किया है। जिसमें बताया है कि 20 जनवरी को इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में प्राइमरी साइट से डिजास्टर रिकवरी साइट पर इंट्रा-डे स्विच के साथ खास लाइव ट्रेडिंग सेशन होगा। 20 जनवरी को सुबह 9:00 बजे से 9:08 बजे तक प्री-ओपन सेशन होगा। इसके बाद बाजार सुबह 9:15 बजे खुलेगा और 10:00 बजे बंद हो जाएगा। इस दौरान ट्रेडिंग प्राइमरी वेबसाइट पर होगी।
वहीं, दूसरा विशेष लाइव ट्रेडिंग सेशन डीआर साइट पर होगा। इस दूसरे विशेष लाइव सेशन में, प्री-ओपन सेशन सुबह 11:15 बजे शुरू होगा और यह 11:30 बजे बंद होगा। सामान्य बाजार सुबह 11:30 बजे खुलेगा और दोपहर 12:30 बजे बंद होगा। वहीं, क्लोजिंग सेशन दोपहर 12:40 बजे से 12:50 बजे तक होगा। एनएसई के अलावा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज भी 20 जनवरी को एक विशेष लाइव सेशन आयोजित करेगा।
