Sovereign Gold Bonds Date, Price, Interest and Payment Options: गोल्ड स्वर्ण बॉन्ड 2022-23 का अगला निर्गम सोमवार (19 दिसंबर, 2022) को खुलेगा। पांच दिन तक एप्लीकेशन के लिए खुले रहने वाले इस निर्गम की कीमत 5,409 रुपए प्रति ग्राम सोना तय किया हुआ है। यह जानकारी देते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार (16 दिसंबर, 2022) को बताया कि सरकारी स्वर्ण बॉन्ड (एसजीबी) 2022-23 की सीरीज तीन अभिदान के लिए 19 दिसंबर से 23 दिसंबर तक खुलेगी, जबकि चौथी सीरीज छह से 10 मार्च, 2023 तक खुलेगी।
कहां से खरीद सकेंगे गोल्ड बॉन्ड्स?
दरअसल, केंद्र सरकार की तरफ से यह बॉन्ड आरबीआई जारी करेगा। गोल्ड बॉन्ड की बिक्री अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों (लघु वित्त बैंक, भुगतान बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को छोड़कर), स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, क्लीयरिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, मनोनीत डाकघरों और शेयर बाजारों, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के जरिए की जाएगी।
...तो इतना दिया जाएगा ब्याज
गोल्ड बॉन्ड की मियाद आठ साल होगी, जिसमें पांच साल बाद ब्याज भुगतान की तारीख को समय से पहले भुनाने की सुविधा रहेगी। आरबीआई के मुताबिक, इसमें निवेशकों को अंकित मूल्य पर छमाही आधार पर 2.50 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। अभिदान की अधिकतम सीमा व्यक्तियों के लिए चार किलोग्राम, अविभाजित हिंदू परिवार (एचयूएफ) के लिए चार किलोग्राम और न्यासों व समान संस्थाओं के लिए 20 किलोग्राम प्रति वित्त वर्ष है।
