Gold and Silver Price Today in India (सोना का भाव आज का, Hariyali Teej Par Sone Ka Bhav Aaj Ka) 26-27 July 2025 : सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव हो रहा रहा है। कभी ऊपर तो कभी नीचे हो रही हैं। लेकिन रूझान बढ़त की ओर है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक आज 24 कैरेट सोने की कीमत 98388 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, इसी तरह चांदी की कीमत 1114342 रुपये प्रति किलो है। आगे जानिए 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं। गौर हो कि शनिवार ओर रविवार को बाजार बंद रहता है इसलिए इन दोनों दिन शुक्रवार का बंद भाव ही माना जाता है। इसलिए आज हरियाली तीज के दिन सोना-चांदी का भाव यही रहेगा।
IBJA के मुताबिक आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
- सोना 24 कैरेट: 98388 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
- सोना 23 कैरेट: 97994 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
- सोना 22 कैरेट: 90123 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
- सोना 18 कैरेट: 73791 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
- सोना 14 कैरेट: 57557 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
- चांदी 999 : 114342 रुपये प्रति किलो है।
पिछले दिन क्या थे सोने-चांदी के भाव
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने बताया कि वैश्विक व्यापार तनाव कम होने और सुरक्षित निवेश की मांग में कमी के बीच शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रही और यह आज यह 500 रुपये टूटकर 99,120 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बृहस्पतिवार को 99,620 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। स्थानीय बाजारों में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी शुक्रवार को 500 रुपये गिरकर 98,750 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया, जबकि पिछला बंद स्तर 99,250 रुपये प्रति 10 ग्राम था। एसोसिएशन के अनुसार, हालांकि, शुक्रवार को चांदी की कीमतें 1,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रहीं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना 20.72 डॉलर या 0.62 प्रतिशत गिरकर 3,347.94 डॉलर प्रति औंस रह गया। वैश्विक स्तर पर, हाजिर चांदी 0.35 प्रतिशत गिरकर 38.92 डॉलर प्रति औंस रह गई।
कीमतों में बदलाव क्यों, क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि शुक्रवार को सोने की कीमतों में गिरावट आई। शुल्क संबंधी चिंताओं में कमी, डॉलर के मजबूत होने और मजबूत रोजगार बाजार के कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कई बार कटौती की उम्मीद कम होने से यह गिरावट आई। गांधी ने आगे बताया कि अमेरिका ने जापान के साथ पहले ही एक व्यापार समझौता कर लिया है और अमेरिका-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते को लेकर आशान्वित हैं। इसके अतिरिक्त, अमेरिका के भारत, मेक्सिको और ब्राजील के साथ व्यापार समझौते होने की उम्मीद है, जिससे सर्राफा में बिकवाली का दबाव और बढ़ सकता है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एंड करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि अमेरिका और जापान व यूरोपीय संघ जैसे व्यापारिक साझेदारों के बीच शुल्क समझौतों की उम्मीदों के कारण सुरक्षित निवेश की अपील कम होने से सोना 3,345 डॉलर प्रति औंस पर कमजोर होकर कारोबार कर रहा था। उन्होंने कहा कि इन घटनाक्रमों से सोने में, खासकर ऊंचे स्तरों पर, अस्थिरता बनी रह सकती है। अब सारा ध्यान अगले हफ्ते फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले पर केंद्रित है, जो सर्राफा कीमतों की दिशा के लिए महत्वपूर्ण होगा।
वायदा बाजार में सोने के भाव
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक कमजोर हाजिर मांग के बीच वायदा कारोबार में सोने का भाव शुक्रवार को 296 रुपये की गिरावट के साथ 98,430 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अगस्त में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों का भाव 296 रुपये या 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98,430 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 7,609 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने सोने की कीमतों में गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेतों को बताया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,355.91 डॉलर प्रति औंस रहा।
चांदी वायदा भाव
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक प्रतिभागियों द्वारा अपने सौदे बढ़ाने से शुक्रवार को वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 117 रुपये बढ़कर 1,15,250 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सितंबर डिलीवरी वाले चांदी कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 117 रुपये या 0.1 प्रतिशत बढ़कर 1,15,250 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 19,844 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने कहा कि प्रतिभागियों द्वारा ताजा सौदे करने से चांदी की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी 0.06 प्रतिशत बढ़कर 39.09 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
