Share Market News Today, 11 Oct 2022: यूक्रेन संकट गहराने के बीच ग्लोबल मार्केट में बिकवाली का रुख है। अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में आक्रामक वृद्धि की आशंका से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर की तुलना में भारतीय रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने से भी बाजार की धारणा पर असर पड़ा है। आज तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 843.79 अंक यानी 1.46 फीसदी की गिरावट के साथ 57,147.32 के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 257.45 अंक यानी 1.49 फीसदी फिसलकर 16,983.55 के स्तर पर बंद हुआ।
कैसी रही शेयर बाजार की क्लोजिंग? डिटेल में जानें -
ये रहे आज के टॉप लूजर्स और गेनर्स
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड प्रमुख कंपनियों में से आज कारोबार के अंत में एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स के अलावा सभी दिग्गज शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इनमें सन फार्मा, पावर ग्रिड, एसबीआई, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, एम एंड एम, कोटक बैंक, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस, भारती एयरटेल, विप्रो, एनटीपीसी, रिलायंस, टाइटन, मरुति, डॉक्टर रेड्डी, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इंफोसिस, टाटा स्टील, नेस्ले इंडिया और इंडसइंड बैंक शामिल हैं। कारोबार के अंत में बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2,70,04,840.12 करोड़ रुपये हो गया।
सेक्टोरल फ्रंट पर नजर
सेक्टोरल इंडेक्स पर देखें, तो हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी रियल्टी में आई है। यह तीन फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया। मीडिया और मेटल दो फीसदी से ज्यादा लुढ़क गए। इनके अलावा बैंक, ऑटो, फाइनेंस सर्विस, एफएमसीजी, आईटी, फार्मा, पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक भी लाल निशान पर बंद हुए।
