Share Market Today : घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को कमजोर शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा टूटकर 77,561.31 तक फिसल गया है। वहीं, निफ्टी करीब 180 अंक फिसलकर 24,213.45 के आसपास पहुंच गया है। बाजार पर वैश्विक संकेतों का दबाव साफ दिखाई दिया।
पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच फिर से तनाव बढ़ने की वजह से क्रूड ऑयल के दाम में तेजी देखने को मिली है। इसका असर ऑयल एंड गैस इंडेक्स पर देखने को मिला है, जो शुरुआती कारोबार में सबसे ज्यादा 1.42% टूट गया है। इसके अलावा रियल्टी, मीडिया, ऑटो, पीएसयू बैंक, एफएमसीजी और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर भी लाल निशान में कारोबार करते दिखे।
वहीं दूसरी ओर फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी फार्मा करीब 0.91% और हेल्थकेयर इंडेक्स करीब 0.78% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। आईटी सेक्टर भी हल्की बढ़त में रहा।
ग्लोबल संकेत कैसे हैं?
अमेरिकी बाजारों के फ्यूचर्स में कमजोरी रही। एसएंडपी 500 फ्यूचर्स और नैस्डैक फ्यूचर्स दबाव में कारोबार कर रहे थे। एशिया में हैंग सेंग मजबूत बढ़त में रहा, जबकि कोस्पी और जकार्ता कंपोजिट में गिरावट दर्ज की गई।
कमोडिटी और करेंसी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड करीब 2.5% उछलकर 76 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया। वहीं सोने की कीमतों में भी हल्की तेजी रही। डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होकर 95.10 के आसपास कारोबार करता दिखा।
बाजार पर आज क्या रहेगा फोकस?
निवेशकों की नजर वैश्विक बाजारों के रुख, कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और प्रमुख कंपनियों से जुड़े अपडेट पर रहेगी। शुरुआती कारोबार में फिलहाल बाजार पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
मार्केट ब्रेड्थ में कमजोरी
NSE पर फिलहाल 2,735 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हो रहा है। इनमें से 1,016 शेयरों में खरीदारी हो रही है। जबकि, 1,628 शेयरों में बिकवाली हावी है। यह बताता है कि मार्केट की ब्रेड्थ कमजोर हो रही है।
Vix क्या कह रहा?
शेयर बाजार के निवेशकों के सेंटिमेंट की दिशा और बाजार में वोलैटिलिटी को दिखाने वाला इंडेक्स India Vix आज शुरुआती कारोबार में 12.48 पर पहुंच गया है। इसमें 7.10% का उछाल आया है। यह बताता है कि बाजार में अस्थिरता बढ़ रही है।
