बिजनेस

Share Market Today: शेयर बाजार की फ्लैट शुरुआत, इन फैक्टर्स का दिखेगा असर

शेयर बाजार ने सप्ताह की शुरुआत कमजोर माहौल में की। हल्की गिरावट के साथ खुले सेंसेक्स और निफ्टी से साफ है कि निवेशक ग्लोबल संकेतों और हाल की तेजी के बाद थोड़ा सतर्क रुख अपनाए हुए हैं। ऐसे में आइए आपको बताते हैं बाजार पर आज किन फैक्टर्स का असर दिखेगा।

Image

Share Market Today

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, सोमवार 8 दिसंबर को शेयर बाजार कमजोर शुरुआत के साथ लाल निशान में दिखाई दिया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 100 अंक फिसलकर 85,600 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 50 अंकों की गिरावट के साथ 26,130 पर ट्रेड कर रहा था। सेंसेक्स के 30 में से 11 शेयर हरे निशान में थे, जबकि 19 शेयरों पर दबाव बना रहा। यह संकेत देता है कि बाजार में मिलाजुला माहौल है और निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं।

ग्लोबल मार्केट की बात करें तो एशियाई बाजारों में भी मिश्रित व्यापार देखने को मिला। जापान का निक्केई इंडेक्स मामूली 0.03% गिरा, जबकि कोरिया का कोस्पी 0.19% चढ़ा। हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स लगभग 1% टूट गया, वहीं चीन का शंघाई कंपोजिट 0.62% की मजबूती दिखाते हुए ऊपर रहा। अमेरिकी बाजार भी 5 दिसंबर को सकारात्मक बंद हुए थे, जहां डाउ जोन्स 0.22% चढ़ा और नैस्डेक तथा S&P 500 में भी हल्की बढ़त दर्ज की गई।

सेंसेक्स निफ़्टी का हाल

सप्ताह की शुरुआत शेयर बाजार के लिए कमजोर रही। सोमवार सुबह सेंसेक्स 85,612 के स्तर पर हल्की गिरावट के साथ खुला, जिससे बाजार की शुरुआत कमजोर सेंटीमेंट के साथ हुई। इसी तरह निफ्टी ने भी दबाव में शुरुआत की और 30 अंकों की गिरावट के साथ 26,156.45 के स्तर पर खुला। ग्लोबल संकेतों की मिश्रित स्थिति और गिफ्ट निफ्टी में मामूली कमजोरी का असर ओपनिंग ट्रेंड पर साफ दिखा। शुरुआती कारोबार में निवेशक सतर्क दिखाई दिए और बाजार सीमित दायरे में रहने की संभावना बनी हुई है।

अमेरिकी बाजार का हाल

वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार भी मजबूती दिखा रहा है। शुक्रवार को S&P 500 इंडेक्स अपनी अब तक की रिकॉर्ड ऊंचाई से सिर्फ 0.3% नीचे बंद हुआ। दिन के दौरान इसने अपना पिछला रिकॉर्ड हाई भी पार कर लिया था, हालांकि बाद में थोड़ी गिरावट आई। डाउ जोन्स 104 अंक यानी 0.2% की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक कंपोजिट में भी 0.3% की तेजी देखने को मिली।

FIIs पर भारी पड़े DIIs

निवेश के मोर्चे पर विदेशी निवेशक लगातार बिकवाली कर रहे हैं। सिर्फ 5 दिसंबर को ही FIIs ने ₹239 करोड़ के शेयर बेचे, जबकि DIIs ने ₹3,853 करोड़ की जोरदार खरीदारी की। दिसंबर के पहले पांच दिनों में FIIs कुल ₹10,203 करोड़ के शेयर बेच चुके हैं, वहीं DIIs ₹19,449 करोड़ की खरीदारी कर बाजार को सहारा दे रहे हैं। नवंबर में भी यही ट्रेंड दिखा था, जहां FIIs ने ₹17,500 करोड़ की बिकवाली की और DIIs ने ₹77,000 करोड़ से अधिक की खरीदारी की थी।

अगले साल 29000 तक जाएगा निफ़्टी 50

स्टॉक मार्केट की आगे की दिशा पर बैंक ऑफ अमेरिका ने अनुमान लगाया है कि 2026 तक निफ्टी 29,000 के स्तर तक पहुंच सकता है, जो मौजूदा स्तर से करीब 11% की बढ़त दर्शाता है। ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि वैल्यूएशन स्थिर रहेंगे, जबकि आय बढ़ने से बाजार में तेजी जारी रह सकती है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article