बिजनेस

दिवाली से पहले सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में किसने बरसाई दौलत, किसका निकला दिवाला?

पिछले सप्ताह शेयर बाजार में मजबूत उछाल देखने को मिला, जिससे सेंसेक्स की शीर्ष कंपनियों के मार्केट कैप में बड़ी बढ़ोतरी हुई। खासकर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने सबसे अधिक लाभ कमाया, जबकि कुछ कंपनियों की कीमतों में गिरावट भी दर्ज की गई। आइए आपको बताते हैं किसने बरसाई दौलत किसको हुआ नुकसान?

Image

Share Market

सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से आठ कंपनियों के मार्केट कैप में पिछले सप्ताह सामूहिक रूप से 1,94,148.73 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक लाभ में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) रही। पिछले सप्ताह, बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,293.65 अंक या 1.59 प्रतिशत चढ़ गया।

सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), बजाज फाइनेंस और इन्फोसिस के बाजार मूल्यांकन में बढ़ोतरी हुई। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की बाजार हैसियत घट गई।

किसने बरसाई सबसे ज्यादा दौलत

समीक्षाधीन सप्ताह में टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 45,678.35 करोड़ रुपये बढ़कर 10,95,701.62 करोड़ रुपये हो गया। इन्फोसिस का बाजार मूल्यांकन 28,125.29 करोड़ रुपये बढ़कर 6,29,080.22 करोड़ रुपये पर और एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 25,135.62 करोड़ रुपये बढ़कर 15,07,025.19 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 25,089.27 करोड़ रुपये बढ़कर 11,05,980.35 करोड़ रुपये हो गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 25,035.08 करोड़ रुपये बढ़कर 18,70,120.06 करोड़ रुपये रहा। बजाज फाइनेंस का बाजार पूंजीकरण 21,187.56 करोड़ रुपये बढ़कर 6,36,995.74 करोड़ रुपये पर और भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण 12,645.94 करोड़ रुपये बढ़कर 8,12,986.64 करोड़ रुपये हो गया।

आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 11,251.62 करोड़ रुपये बढ़कर 9,86,367.47 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

इनका निकला दिवाला

इस रुख के उलट एलआईसी का बाजार पूंजीकरण 4,648.88 करोड़ रुपये घटकर 5,67,858.29 करोड़ रुपये रह गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 3,571.37 करोड़ रुपये घटकर 5,94,235.13 करोड़ रुपये रहा। सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।

सोमवार को कैसा रहेगा बाजार?

ऑनलाइन ट्रेडिंग और फाइनेंस टेक कंपनी एनरिच मनी के सीईओ, पोनमुडी आर के मुताबिक, इस सप्ताह शेयर बाजार की दिशा घरेलू संकेतकों, वैश्विक आर्थिक रुझानों और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर निर्भर करेगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका-चीन के बीच शुल्क विवाद के फिर से बढ़ने से वैश्विक निवेशकों की जोखिम लेने की प्रवृत्ति कम हो सकती है। इस व्यापार तनाव के कारण डॉलर का बहिर्वाह बढ़ सकता है, जो उभरते बाजारों के शेयर और मुद्राओं पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।
Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article