बिजनेस

अब नहीं चलेगी मनमानी! SEBI ने KYC रजिस्ट्रेशन नियम बनाए सख्त और साफ

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने एक सर्कुलर जारी किया है, जिसका मकसद KYC रजिस्ट्रेशन एजेंसियों (KRA) के रजिस्ट्रेशन वापस लेने की प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाना है। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि एजेंसियों के समापन के दौरान निवेशकों के हित सुरक्षित रह सकें और सेवाएं बाधित न हों।

Image

सेबी ने केवाईसी पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाया (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने शुक्रवार को एक नया सर्कुलर जारी किया है, जिसका उद्देश्य केवाईसी रजिस्ट्रेशन एजेंसियों (KRA) के रजिस्ट्रेशन को वापस लेने की प्रक्रिया को अधिक आसान और व्यवस्थित बनाना है। यह कदम खासतौर पर निवेशकों के हितों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

रजिस्ट्रेशन छोड़ने की प्रक्रिया होगी सरल

सेबी ने सर्कुलर में स्पष्ट किया कि यह नियम इसलिए जरूरी है ताकि अगर कोई केआरए अपने व्यावसायिक निर्णय के कारण रजिस्ट्रेशन छोड़ना चाहे या वित्तीय कठिनाइयों या नियामकीय कारणों से ऐसा करने के लिए मजबूर हो, तो उस स्थिति को सुव्यवस्थित ढंग से संभाला जा सके।

सेवाओं को व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा बंद

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक सेबी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया गया है कि केआरए द्वारा रजिस्ट्रेशन वापस लेने की प्रक्रिया, चाहे वह स्वेच्छा से हो या अनिवार्य रूप से, एक सुव्यवस्थित और आसान ढंग से की जाए, ताकि उनकी जरूरी सेवाएं सुचारू रूप से बंद हो सकें।

KYC रिकॉर्ड के हस्तांतरण की व्यवस्था

नए नियामकीय ढांचे के अनुसार, केआरए को अपने निवेशकों के केवाईसी रिकॉर्ड इस प्रकार संरक्षित रखने होंगे कि उन्हें अन्य सेबी-रजिस्टर्ड केआरए के साथ आसानी से साझा और स्थानांतरित किया जा सके। इससे यह सुनिश्चित होगा कि निवेशकों को दोबारा केवाईसी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।

SOP बनाना होगा अनिवार्य

सेबी ने सर्कुलर में यह भी अनिवार्य किया है कि प्रत्येक केआरए के पास, रजिस्ट्रेशन समाप्ति की स्थिति से निपटने के लिए, अपने बोर्ड द्वारा अनुमोदित एक मानक संचालन प्रक्रिया (Standard Operating Procedure - SOP) होनी चाहिए।

SOP में क्या होगा शामिल?

SOP में निम्नलिखित बिंदुओं को स्पष्ट रूप से शामिल करना आवश्यक होगा। रिकॉर्ड, आंकड़े और दस्तावेजों के सुरक्षित स्थानांतरण की प्रक्रिया, अनुबंधों के निपटान के स्पष्ट नियम, निवेशकों के डेटा की सुरक्षा हेतु सख्त दिशा-निर्देश।

SEBI का यह कदम केआरए उद्योग को अधिक पारदर्शी और निवेशक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल एजेंसियों को रजिस्ट्रेशन छोड़ने की प्रक्रिया आसान होगी, बल्कि निवेशकों की सुविधा और डेटा सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article