अगर आपका भी अकाउंट देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI में है तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। दरअसल, 23 मई से लेकर 28 मई तक बैंक की सभी ब्रांचेज बंद रह सकती है। बैंकों की यह छह दिनों की लंबी बंदी मुख्य रूप से तीन अलग-अलग कारणों के एक साथ आने से हो रही है पहला वीकेंड की छुट्टियां, दूसरा कर्मचारियों की हड़ताल और तीसरा त्योहार का अवकाश। आइए आपको बताते हैं बैंक कब कब और क्यों बंद रहने वाले हैं?
बैंक कब बंद रहेंगे?
- 23 मई 2026 (चौथा शनिवार): नियम के मुताबिक, महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को देशभर के सभी बैंक पूरी तरह बंद रहते हैं। इसलिए 23 मई को छुट्टी रहेगी।
- 24 मई 2026 (रविवार): रविवार होने के कारण पूरे देश में बैंकों का साप्ताहिक अवकाश रहेगा।
- 25 और 26 मई 2026 (सोमवार और मंगलवार): इन दो दिनों में 'ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन' ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। अगर यह हड़ताल पूरी तरह प्रभावी रहती है, तो सोमवार और मंगलवार को भी एसबीआई की शाखाओं में ताला लटका नजर आ सकता है।
- 27 और 28 मई 2026 (बुधवार और गुरुवार): देश के अलग-अलग हिस्सों में इन तारीखों पर बकरीद (ईद-उल-अजहा) का त्योहार मनाया जाएगा। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (
RBI ) के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, कई राज्यों में 27 मई को तो कुछ राज्यों में 28 मई को बैंक बंद रहेंगे। वहीं जम्मू-कश्मीर जैसे क्षेत्रों में दोनों दिन (27 और 28 मई) बैंक बंद रहेंगे।
इस तरह कुल मिलाकर देखा जाए तो 23 मई से लेकर 28 मई के बीच बैंकिंग कामकाज बुरी तरह प्रभावित होने की पूरी संभावना है।
आखिर एसबीआई के कर्मचारी क्यों कर रहे हैं हड़ताल?
बैंक कर्मचारी संघ (यूनियन) का कहना है कि प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों की कई पुरानी और जायज मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। हड़ताल के मुख्य कारणों में बैंकों में कर्मचारियों और सशस्त्र गार्डों (Armed Guards) की पर्याप्त भर्ती न होना, स्थाई नौकरियों की जगह बाहरी लोगों से काम कराना (Outsourcing), नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर बदलने का विकल्प न मिलना और करियर प्रोग्रेशन स्कीम की समीक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं। यूनियन का दावा है कि सुरक्षा गार्डों की कमी के कारण कर्मचारियों, ग्राहकों और बैंक की संपत्ति की सुरक्षा दांव पर लगी है।
क्या ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम भी रहेंगे बंद?
इस खबर के बीच आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद डिजिटल और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी। आप अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए नेट बैंकिंग (Net Banking), मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई (UPI) पेमेंट्स (जैसे Google Pay, PhonePe, Paytm) और आईएमपीएस/एनईएफटी (IMPS/NEFT) के जरिए पैसों का लेन-देन बिना किसी रुकावट के कर सकेंगे। इसके अलावा, कैश की जरूरतों को पूरा करने के लिए एटीएम (ATM) मशीनें काम करती रहेंगी, हालांकि लगातार कई दिन बैंक बंद होने से एटीएम में कैश खत्म होने की समस्या आ सकती है।
