AI BOOM Samsung Electronics Bonus : AI की वजह से दुनिया के शेयर बाजारों से लेकर जियो पॉलिटिकल उठापटक जारी है। गेमिंग कंप्यूटर्स के लिए ग्राफिक कार्ड बनाने वाली कंपनी Nvidia इसी बूम के दम पर 5 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा के मार्केट कैप के साथ दुनिया की सबसे महंगी कंपनी बन गई है। इसी तरह मुख्य रूप से मेमोरी कार्ड बनाने वाली Samsung Electronics का मार्केट कैप भी 1 ट्रिलियन डॉलर से ऊपर चला गया है।
हालांकि, Nvidia और Samsung Electronics में एक बड़ा फर्क ये है कि जहां Nvidia अपने प्रॉफिट से शेयर बायबैक कर रही है। वहीं, Samsung Electronics ने चिप यूनिट में काम करने वालों को ऐतिहासिक बोनस देने का ऐलान किया है। Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण कोरियाई कंपनी Samsung Electronics ने गुरुवार 21 मई को 40 लाख करोड़ कोरियाई वॉन (26.6 अरब डॉलर) यानी करीब 2.56 लाख करोड़ रुपये बोनस के तौर पर बांटने का ऐलान किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग की चिप डिवीजन में कुल 78 हजार कर्मचारी इस बोनस के दायरे में आते हैं। हालांकि, किस कर्मचारी को कितना बोनस मिलेगा यह अभी तय नहीं हुआ है। लेकिन, इस पूरी रकम को सभी कर्मचारियों में औसतन रुपसे बांटा जाए, तो हर कर्मचारी को 51.3 करोड़ वॉन ($340,000) यानी करीब ₹2.83 करोड़ रुपये का बंपर बोनस मिलेगा।
सैलरी से कई गुना बोनस
सैमसंग ने AI चिप बूम के बीच अपने कर्मचारियों पर पैसों की बारिश कर दी है। ब्लूमबर्ग के कैलकुलेशन के मुताबिक 2026 के अनुमानित ऑपरेटिंग प्रॉफिट के आधार पर औसतन हर कर्मचारी को करीब 3.4 लाख डॉलर यानी लगभग ₹2.83 करोड़ तक का बोनस मिल सकता है। वहीं Yonhap News की रिपोर्ट के अनुसार AI बूम से सबसे ज्यादा फायदा उठा रहे मेमोरी चिप डिवीजन के कुछ कर्मचारियों को 600 मिलियन वॉन तक का भुगतान मिल सकता है। दिलचस्प बात यह है कि 2025 में सैमसंग कर्मचारियों की औसत सालाना कमाई 158 मिलियन वॉन थी, यानी इस बार सिर्फ बोनस ही पिछले साल की कुल सैलरी से कई गुना ज्यादा बैठ रहा है।
कैसे मिलेगा बोनस?
सैमसंग का यह मेगा बोनस सिर्फ कैश में नहीं होगा। बल्कि, इसे शेयर और नकद दोनों तरह से बांटा जाएगा। यूनियन के साथ हुए समझौते के तहत कंपनी प्रॉफिट का 10.5% हिस्सा अपने कर्मचारियों को शेयर (Stocks) के तौर पर बांटेगी। वहीं, अतिरिक्त 1.5% रकम नकद बोनस के तौर पर बांटी जाएगी। हालांकि, इस डील को अभी यूनियन की तरफ से अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। रिपोर्ट के मताबिक बोनस का यह मॉडल अगले 10 साल तक हर साल के लिए लागू रह सकता है। लेकिन, इसके लिए कंपनी को तय प्रॉफिट टारगेट हासिल करने होंगे।
