Rich Dad Poor Dad Writer Robert Kiyosaki Warning : मशहूर फाइनेंशियल लेखक और "रिच डैड पुअर डैड" के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने एक बार फिर वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि दुनिया इस समय एक ऐसे मोड़ पर है जहां “इतिहास की सबसे बड़ी आर्थिक गिरावट” देखने को मिल सकती है। उन्होंने यह चेतावनी अपने अन्य प्रसिद्ध प्रकाशन "रिच डैड्स प्रोफेसी" का हवाला देते हुए दी। उनके मुताबिक इस गिरावट से पारंपरिक रिटायरमेंट सेविंग्स अकाउंट और पेपर बेस्ड असेट्स जैसे शेयर और बॉन्ड सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
महंगाई दर और रिटायरमेंट सेविंग्स पर असर
कियोसाकी ने कहा कि मौजूदा महंगाई दर की स्थिति बचत को बर्बाद कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि बेबी बूमर पीढ़ी को आने वाले समय में गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है। उनके मुताबिक बहुत से बुजुर्गों को भविष्य में घर खोने या अपने बच्चों पर आर्थिक रूप से निर्भर रहने जैसी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने इसे एक दुखद और चिंताजनक स्थिति बताया। कियोसाकी का मानना है कि सरकार की मौद्रिक नीतियां और मौजूदा फाइनेंशियल सिस्टम लोगों की मेहनत की कमाई को धीरे-धीरे खत्म कर रहा है।
पेपर एसेट्स से हटकर फिजिकल और क्रिप्टो एसेट्स की ओर ध्यान
रॉबर्ट कियोसाकी का मानना है कि अब निवेशकों को पारंपरिक पेपर एसेट्स की बजाय फिजिकल और क्रिप्टो एसेट्स की ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने खासतौर पर चांदी (Silver) और एथेरियम (Ethereum) को बेहतर निवेश विकल्प के रूप में बताया है। उनका कहना है कि इन संपत्तियों का न सिर्फ औद्योगिक उपयोग है, बल्कि इनकी कीमत भी अभी कम आंकी गई है, जिससे भविष्य में इनके मूल्य में अच्छी वृद्धि की संभावना है।
उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि वे चांदी और एथेरियम के फायदे, नुकसान और औद्योगिक उपयोगिता को गहराई से समझें और उसके बाद ही निवेश निर्णय लें। कियोसाकी इसे एक फाइनेंशियल एजुकेशन का अवसर मानते हैं और कहते हैं कि समझदारी से किया गया निवेश आपकी फाइनेंशियल इंटेलिजेंस को बढ़ा सकता है और आपको अमीर बना सकता है।
कियोसाकी के निवेश सुझावों का प्रदर्शन
ईटी की एक रिपोर्ट के अनुसार, रॉबर्ट कियोसाकी द्वारा सुझाए गए निवेश इस साल बेहद अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। फिनबोल्ड रिसर्च के मुताबिक, उनके पसंदीदा निवेश सोना, चांदी और बिटकॉइन पर आधारित एक सैद्धांतिक पोर्टफोलियो ने 2025 में लगभग 40% की बढ़ोतरी दर्ज की है। इसमें चांदी ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी कीमत 47.5% बढ़ाकर $43.89 प्रति औंस कर दी, जबकि सोने और बिटकॉइन की कीमत में क्रमशः 43.06% और 21.17% की वृद्धि हुई।
कुल मिलाकर, रॉबर्ट कियोसाकी की चेतावनी आज के आर्थिक माहौल में निवेशकों के लिए एक जरूरी संकेत है। उनका मानना है कि आने वाले समय में फिजिकल एसेट्स जैसे चांदी और एथेरियम निवेशकों को सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं। वे सभी से अपनी वित्तीय शिक्षा को बेहतर करने और जागरूक निवेश की सलाह देते हैं।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है, निवेश की सलाह नहीं है, अगर आपको निवेश करना है तो एक्सपर्ट से संपर्क करें।)
