Rs 2000 Notes Update : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2,000 रुपये मूल्य वर्ग के कुल ₹5,956 करोड़ के नोट अब भी चलन में हैं। यह घोषणा उस फैसले के सवा दो साल बाद आई है जब 19 मई 2023 को इन नोटों को चलन से बाहर करने की घोषणा की गई थी।
घोषणा के समय चलन में थे ₹3.56 लाख करोड़
आरबीआई के अनुसार, जब 2,000 रुपये के नोटों को बंद करने की घोषणा हुई थी, उस समय यह मूल्य वर्ग कुल ₹3.56 लाख करोड़ के नोटों के रूप में प्रचलन में था। अब तक इनमें से 98.33% नोट वापस आ चुके हैं।
2,000 रुपये के नोट अब भी वैध मुद्रा
हालांकि, 2,000 रुपये के नोटों का चलन धीरे-धीरे कम हो रहा है, फिर भी वे अभी भी वैध मुद्रा हैं और उनका लेन-देन आधिकारिक रूप से अवैध नहीं है। यानी, इन्हें अब भी कानूनी रूप से इस्तेमाल किया जा सकता है।
नोट बदलने और जमा करने की सुविधा जारी
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक आरबीआई ने बताया कि 2,000 रुपये के नोटों को बदलने और जमा करने की सुविधा अभी भी उपलब्ध है। 19 मई 2023 से आरबीआई के 19 निर्गम कार्यालयों में यह सुविधा शुरू हुई। 9 अक्टूबर 2023 से व्यक्ति या संस्थाएं इन नोटों को अपने बैंक खातों में जमा भी करा सकती हैं। आम नागरिक भारतीय डाक सेवा के माध्यम से भी अपने नोट किसी भी डाकघर से आरबीआई कार्यालयों को भेजकर बैंक खाते में जमा करा सकते हैं।
आरबीआई के 19 निर्गम कार्यालय जहां यह सुविधा उपलब्ध
अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना, तिरुवनंतपुरम में आरबीआई कार्यालय में यह सुविधा उपलब्ध है।
नोटबंदी के बाद जारी किए गए थे ये नोट
गौरतलब है कि नवंबर 2016 में नोटबंदी के बाद 2,000 रुपये के नोटों को बड़ी मात्रा में जारी किया गया था ताकि मुद्रा की कमी को जल्दी पूरा किया जा सके।
