नई दिल्ली। हाल ही में इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IRDAI) ने नया निर्देश जारी किया था। अगर आप इस नियम को नजरअंदाज करते हैं तो आप लाइफ इंश्योरेंस, ऑटो इंश्योरेंस, हेल्थ इंश्योरेंस और अन्य तरह की बीमा (Insurance) नहीं खरीद पाएंगे। नया नियम 1 जनवरी 2023 से प्रबावी हुआ। अब से पॉलिसीहोल्डर्स को सभी बीमा पॉलिसी खरीदने के लिए केवाईसी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। जी हां, इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सभी नई बीमा पॉलिसियों की खरीद के लिए केवाईसी मानदंड अनिवार्य कर दिया है।
क्या होगा फायदा
इससे पहले तक पॉलिसी खरीदते समय केवाईसी दस्तावेजों को शेयर करना एक स्वैच्छिक विकल्प हुआ करता था। लेकिन अब से बीमाकर्ताओं को अपने ग्राहकों से केवाईसी दस्तावेज लेने ही होंगे। इस संदर्भ में एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस नए नियम के साथ इंश्योरेंस क्लेम (Insurance Claim) की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। बीमाकर्ताओं के पास ग्राहकों की एक विस्तृत प्रोफाइल होगी।
डिटेल में जानने के लिए देखें ये खास वीडियो -
बीमा कंपनियों के लिए केवाईसी की जानकारी जोखिम मूल्यांकन और मूल्य निर्धारण की सटीकता में सुधार करने में मदद कर सकता है। यह फ्रॉड दावों के जोखिम को भी कम कर सकता है। पीटीआई समाचार एजेंसी ने बताया था कि बीमा नियामक ने जीवन और गैर-जीवन बीमा दोनों कंपनियों को कोविड -19 (Coronavirus) संबंधित दावों को जल्द से जल्द निपटाने और कागजी काम कम करने को कहा है।
IRDAI ने अपनी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट में कहा था कि मार्च 2022 तक बीमा कंपनियों की ओर से कोविड- 19 की वजह से 2.25 लाख से भी ज्यादा मृत्यु दावों का निपटान किया गया था।
