Bank Notes PIB Fact Check: अगर कोई आपसे यह कहते हुए कोई बैंक नोट लेने से इन्कार कर दे कि उस पर कुछ लिखा और वह अवैध है, तो यह बात सरासर गलत है। बैंक नोट पर कुछ लिखा होने की वजह से वह इनवैलिड या बेकार नहीं हो जाता है। वे लिखा-पढ़ी के बाद भी लीगल (मान्य) माने जाते हैं और चलन में रहते हैं।
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर फर्जी दावा सामने आया था, जिसमें एक मैसेज का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए कहा जा रहा था कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की नई गाइडलाइंस के मुताबिक, नोट पर कुछ भी लिखना उसे अवैध करार देगा और वह लीगल टेंडर में या चलन में नहीं रहेगा। वायरल संदेश में यह भी कहा गया था कि आप लोग इसे अधिक से अधिक लोगों तक शेयर करें ताकि भारतीय लोग इस मसले की महत्ता समझ सके।

PTI fact check tweet related to Bank Notes
हालांकि, प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक विंग की ओर से इस बाबत रविवार (आठ जनवरी, 2023) को साफ किया गया है कि यह संदेश महज अफवाह है। इसमें किए गए दावे में किसी प्रकार का कोई दम नहीं है। फैक्ट चेक में बताया गया कि ऐसा नहीं है। बैंक नोट्स पर लिखने से वह अवैध नहीं होते।
हालांकि, क्लीन नोट पॉलिसी का हवाला देते हुए यह जरूर सलाह दी गई कि लोगों से गुजारिश की जाती है कि वह करेंसी नोट्स पर कुछ भी न लिखें, क्योंकि ऐसा करने से उनका रंग-रूप बिगड़ जाता है और लाइफ भी कम हो जाती है।
