बिजनेस

नौकरी छोड़ने के कितने साल तक मिलता है PF पर ब्याज? कहीं नियमों को लेकर आप तो नहीं कंफ्यूज

EPF Interest Rules After Resignation: EPF एक सुरक्षित और लाभदायक निवेश है, लेकिन इसका पूरा फायदा तभी मिलता है जब आप इसके नियमों को सही से समझें और समय पर जरूरी कदम उठाएं।

Image

PF Account (Photo: X handle/@officialepfo)

EPF Interest Rules After Resignation: कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) भारत में नौकरीपेशा लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण बचत योजना है, जो रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। लेकिन बहुत कम लोग यह जानते हैं कि एक समय के बाद PF अकाउंट इनऑपरेटिव (निष्क्रिय) हो सकता है और उस पर ब्याज मिलना बंद हो जाता है। बहुत से लोगों के मन में एक सवाल रहता है। सवाल यही कि आखिर नौकरी छोड़ने के बाद पीएफ पर कितने वर्षों तक ब्याज मिलता है। नौकरीपेशा लोग रिटारयरमेंट की सही उम्र और अर्ली रिटायरमेंट को लेकर भी पीएफ के नियमों को समझने में गलती करते हैं। अगर आपको भी पीएफ पर मिलने वाले ब्याज को लेकर इसी तरह का कंफ्यूजन है तो इस आर्टिकल में आपके सभी सवालों के जवाब देने की कोशिश करेंगे, जिन्हें आप जान सकते हैं-

EPF अकाउंट पर ब्याज का गणित

सबसे पहले तो यह समझना बेहद जरूरी है कि किन परिस्थितियों में आपका EPF अकाउंट ब्याज देना बंद कर देता है-

EPF Interest Rules After Resignation

PF Account (Photo: X handle/@officialepfo)

अगर कोई व्यक्ति 55 वर्ष की आयु से पहले रिटायर हो जाता है तो उसके EPF अकाउंट पर 58 वर्ष की उम्र तक ब्याज मिलता रहता है। लेकिन जैसे ही व्यक्ति 58 वर्ष का हो जाता है, उसका EPF अकाउंट इनऑपरेटिव हो जाता है और उस पर ब्याज मिलना बंद हो जाता है। इसका मतलब है कि अगर आपने समय रहते अपने फंड को क्लेम या ट्रांसफर नहीं किया, तो आपकी बचत पर आगे कोई रिटर्न नहीं मिलेगा।

उदाहरण के लिए अगर आप 50 वर्ष की आयु में ही नौकरी छोड़ देते हैं तो आपको 58 वर्ष की आयु तक आपके पीएफ खाते पर ब्याज मिलता रहेगा।

वहीं, अगर कोई व्यक्ति 55 वर्ष या उससे अधिक उम्र में रिटायर होता है, तो स्थिति थोड़ी अलग होती है। ऐसे मामलों में EPF अकाउंट पर रिटायरमेंट की तारीख से अगले 3 साल तक ब्याज मिलता है। इसके बाद अकाउंट इनऑपरेटिव हो जाता है और उस पर ब्याज आना बंद हो जाता है।

उदाहरण के लिए अगर आप 58 वर्ष की आयु में रिटायर होते हैं तो ठीक तीन साल बाद यानी 61 वर्ष तक आपके पीएफ खाते पर ब्याज मिलता रहेगा। इसके बाद खाते पर ब्याज मिलना बंद हो जाएगा, क्योंकि इसके बाद खाता इनऑपरेटिव हो जाता है। इसी तरह, अगर आप 60 वर्ष की आयु में रिटायरमेंट लेते हैं तो आपके पीएफ खाते पर आपको 63 वर्ष की आयु तक ब्याज मिलता रहेगा।

यह नियम जानना क्यों जरूरी

इस नियम को जानना आपके लिए बेहद जरूरी है। ऐसा इसलिए जरूरी है ताकि आप अपने EPF फंड का समय पर इस्तेमाल करें या उसे सही तरीके से मैनेज करें। कई बार लोग नौकरी छोड़ने के बाद अपने EPF अकाउंट को भूल जाते हैं, जिससे उनका पैसा बिना ब्याज के पड़ा रहता है। इसलिए, यह बेहद जरूरी है कि आप अपने EPF अकाउंट की स्थिति पर नजर रखें। रिटायरमेंट के बाद जल्द से जल्द अपने फंड को निकालें या जरूरत के अनुसार ट्रांसफर करें। साथ ही, समय-समय पर EPF बैलेंस चेक करते रहें और अपने अकाउंट को एक्टिव बनाए रखें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article