Petrol Diesel Price in Pakistan: नकदी संकट से जूझ रही पाकिस्तान सरकार पेट्रोल की कीमतों में 10 से 14 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी करने जा रही है। ऐसे में पहले से ही आसमान छूती महंगाई से त्रस्त जनता पर और बोझ बढ़ जाएगा। 'द न्यूज इंटरनेशनल' ने उद्योग जगत के सूत्रों के हवाले से पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ने की आशंका जताई है। इसके मुताबिक, “संघीय सरकार ग्लोबल मार्केट में बढ़ती तेल कीमतों का हवाला देते हुए पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ा सकती है।”
पाकिस्तान में हर हफ्ते पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों की होती है समीक्षा
पाकिस्तान सरकार हर हफ्ते पेट्रोलियम कीमतों की समीक्षा करती है। पिछली समीक्षा के विपरीत यदि सरकार विनिमय दर घाटे को भी समायोजित करती है तो ये बढ़ोतरी 14 रुपये प्रति लीटर तक हो सकती है। पिछली बार सरकार ने डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपये के कमजोर होने का बोझ जनता पर नहीं डाला था।
दाम बढ़े तो 286.77 रुपये प्रति लीटर तक हो जाएगी पेट्रोल की कीमतें
पाकिस्तान में पेट्रोल की तेल डिपो पर मौजूदा कीमत 272 रुपये प्रति लीटर है। अगर सरकार ने तेल की वैश्विक मूल्य वृद्धि का बोझ उपभोक्ताओं पर डाला तो ये कीमत बढ़कर 286.77 रुपये प्रति लीटर तक हो सकती है। सरकार पेट्रोल पर शून्य सामान्य सेल्स टैक्स के साथ 50 रुपये प्रति लीटर का सैस भी लगाती है।
ऐसा रहा तो 15 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता हो जाएगा डीजल
हालांकि हाई-स्पीड डीजल के दाम में कोई बदलाव होने की संभावना कम है। अगर सरकार विनिमय दर घाटे को समायोजित नहीं करती है तो डीजल की कीमत में 15 रुपये प्रति लीटर तक की गिरावट हो सकती है। बताते चलें कि आर्थिक मंदी से जूझ रहे पाकिस्तान में आम लोगों का बुरा हाल है। पाकिस्तान सरकार को देश चलाने के लिए दुनिया के अलग-अलग देशों से कर्ज लेना पड़ रहा है।
भाषा इनपुट्स के साथ
