बिजनेस

Patanjali: बाबा रामदेव की पतंजलि आयुर्वेद ने की 'इंश्योरेंस सेक्टर' में एंट्री, खरीदी अदार पूनावाला की कंपनी

कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजारों को इस अधिग्रहण सौदे की जानकारी दी।इस अधिग्रहण के साथ ही हर्बल उत्पादों एवं रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले सामान बनाने वाली पतंजलि आयुर्वेद के लिए साधारण बीमा कारोबार में प्रवेश का रास्ता साफ हो जाएगा। हालांकि, पहले उसे नियामकीय मंजूरी लेनी होगी।

Image

बाबा रामदेव

Photo : PTI

योग गुरु रामदेव की अगुवाई वाली पतंजलि आयुर्वेद और रजनीगंधा ब्रांड का स्वामित्व रखने वाला धर्मपाल सत्यपाल ग्रुप (DS) सनोती प्रॉपर्टीज एलएलपी से मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का अधिग्रहण करेंगे।बीमा कंपनी का यह अधिग्रहण 4,500 करोड़ रुपये के मूल्यांकन पर किया जाएगा। मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का स्वामित्व अदार पूनावाला और राइजिंग सन होल्डिंग्स के पास है।

कंपनी के बयान के मुताबिक, सनोती प्रॉपर्टीज ने पतंजलि आयुर्वेद और डीएस ग्रुप के साथ शेयर खरीद समझौते के अनुरूप सेलिका डेवलपर्स और जगुआर एडवाइजरी सर्विसेज के साथ अपनी बीमा अनुषंगी इकाई मैग्मा जनरल इंश्योरेंस (पूर्व में मैग्मा एचडीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी) की बिक्री को मंजूरी दे दी है।

सनोती प्रॉपर्टीज ने कहा कि यह सौदा नियामकीय अनुमोदन के अधीन 4,500 करोड़ रुपये के मूल्यांकन पर हुआ है।कंपनी के निदेशक मंडल की 12 मार्च को हुई बैठक में यह फैसला हुआ।मैग्मा जनरल इंश्योरेंस विभिन्न श्रेणियों में 70 से अधिक उत्पादों के साथ, साधारण बीमा क्षेत्र में सभी प्रमुख जोखिमों को सुरक्षित करने के लिए बीमा मुहैया कराती है।

पतंजलि आयुर्वेद के प्रवक्ता ने कहा, 'बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत विदेशी निवेश के दरवाजे खुलने के साथ रोमांचक नियामकीय सुधार हो रहे हैं। भारत में आमतौर पर साधारण बीमा की पहुंच विकसित देशों के मुकाबले कम है। ऐसे में 2047 तक सबको बीमा के दायरे में लाने का संकल्प एक बड़ा फासला पाटने की राह दिखाता है।'

प्रवक्ता ने कहा कि पतंजलि की देशभर में खुदरा मौजूदगी होने से मैग्मा जनरल इंश्योरेंस के उत्पादों की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अधिग्रहण सौदे पर सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के चेयरमैन अदार पूनावाला ने कहा, 'पिछले कुछ वर्षों में मैग्मा ने इस कारोबार को बहुत सावधानी से खड़ा किया है। इसकी वृद्धि दर पांच साल से 26 प्रतिशत रही है और आगे भी साधारण बीमा कारोबार में सशक्त योगदान देती रहेगी।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article