US Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 1 अगस्त 2025 से नए टैरिफ नियमों की घोषणा कर दी है, जिससे दुनियाभर के बाजारों पर बड़ा असर पड़ने वाला है। इस फैसले के तहत भारत से अमेरिका को भेजे जाने वाले उत्पादों पर अब 25% आयात शुल्क (टैरिफ) लगने लगा है। लेकिन भारत के पड़ोसी देशों पाकिस्तान और बांग्लादेश को राहत दी गई है। ट्रंप प्रशासन ने इन दोनों देशों पर पहले से लग रहे टैरिफ को घटा दिया है। ऐसे में आइए जानते हैं ट्रंप ने पाकिस्तान या बांग्लादेश किसपर ज्यादा टैरिफ लगाया है।
पाकिस्तान या बांग्लादेश किस पर ज्यादा टैरिफ?
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान पर टैरिफ को 29% से घटाकर 19% कर दिया गया है। बांग्लादेश पर पहले 35% शुल्क लगता था, जिसे घटाकर 20% कर दिया गया है। दोनों देशों में से सबसे ज्यादा टैरिफ ट्रंप ने बांग्लादेश पर लगाया है। यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब ट्रंप सरकार ने भारत को रूस से व्यापार करने पर "अतिरिक्त जुर्माना" लगाने की चेतावनी दी थी। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई पक्की जानकारी या आदेश जारी नहीं किया गया है।
कई देशों पर लगाया टैरिफ
भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के अलावा दूसरे देशों पर भी अमेरिका ने टैरिफ बदला है:
- ताइवान: 20%
- कंबोडिया और थाईलैंड: 19%
- दक्षिण अफ्रीका: 30%
- तुर्की: 15%
- इज़राइल और दक्षिण कोरिया: 15%
- स्विट्ज़रलैंड: 39% (अब तक का सबसे बड़ा टैरिफ झटका)
स्विस फ्रैंक की कीमत इस फैसले के बाद डॉलर के मुकाबले गिर गई है।
कनाडा पर भी सख्ती
कनाडा ने हाल ही में फिलिस्तीन को स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता दी, जिसके बाद अमेरिका ने उसका टैरिफ 25% से बढ़ाकर 35% कर दिया है। हालांकि, USMCA (अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौता) के तहत आने वाले उत्पाद इस शुल्क से प्रभावित नहीं होंगे।
कब से लागू होंगे नए नियम?
व्हाइट हाउस के मुताबिक, ये टैरिफ नियम 8 अगस्त 2025 से लागू होंगे। इसका मतलब यह है कि इस तारीख के बाद अमेरिका में आने वाले या वेयरहाउस से बाहर जाने वाले सभी उत्पादों पर यह नया शुल्क लगेगा।
