पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर ने अमेरिका में एक प्राइवेट इवेंट के दौरान भारत के आर्थिक ढांचे पर हमला करने की धमकी दी। उन्होंने विशेष रूप से मुकेश अंबानी की गुजरात स्थित जामनगर रिफाइनरी को युद्ध की स्थिति में पहला निशाना बनाने की बात कही। इसके साथ ही, उन्होंने न्यूक्लियर हमले से लेकर सिंधु जल संधि तक पर विवादित बयान दिए।
जामनगर रिफाइनरी को बनाया ‘पहला टारगेट’
अमेरिका के टाम्पा शहर में पाकिस्तानी मूल के लोगों के बीच आयोजित एक डिनर में असीम मुनीर ने कहा कि अगली बार संघर्ष हुआ तो हम भारत के पूर्वी हिस्से से शुरू करेंगे और पश्चिम की ओर बढ़ेंगे। उन्होंने मुकेश अंबानी की जामनगर रिफाइनरी-जो दुनिया का सबसे बड़ा रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स है, को सीधे तौर पर निशाना बनाने की बात कही।
सोशल मीडिया पोस्ट का खुलासा
मुनीर ने बताया कि उन्होंने खुद एक सोशल मीडिया पोस्ट को मंजूरी दी थी, जिसमें कुरान की सूरह फ़ील और मुकेश अंबानी की तस्वीर लगाई गई थी। यह संदेश भारत को चेतावनी देने के लिए दिया गया था कि भविष्य में क्या हो सकता है।
न्यूक्लियर धमकी और कड़ी चेतावनी
इसी कार्यक्रम में असीम मुनीर ने परमाणु हथियारों का हवाला देते हुए कहा, “हम एक न्यूक्लियर देश हैं। अगर हमें लगता है कि हम डूब रहे हैं, तो आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेंगे।” इस डिनर में करीब 120 मेहमान मौजूद थे, और सुरक्षा के मद्देनजर मोबाइल व डिजिटल डिवाइस ले जाना मना था।
सिंधु जल संधि पर हमलावर रुख
मुनीर ने भारत पर सिंधु जल संधि को ‘निलंबित’ कर 25 करोड़ लोगों के खाद्य संकट को खतरे में डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “जब भारत बांध बनाएगा, हम उसे 10 मिसाइलों से उड़ा देंगे। हमारे पास मिसाइलों की कोई कमी नहीं है।”
