बिजनेस

साल खत्म होने में बचे हैं करीब 55 दिन, खर्च का तरीका बदलकर ऐसे बचाएं हजारों रुपये

Year End Money Saving Tips: साल खत्म होने के लिए लगभग 54-55 दिन बाकी रह गए हैं। ऐसे में साल के आखिरी दिनों में खर्च की कुछ आदतों को बदल दिया जाए तो अच्छी-खासी बचत की जा सकती है।

Image

साल खत्म होने से पहले ऐसे बचाएं पैसे (Photo: iStock)

Year End Money Saving Tips: नवंबर का महीना चल रहा है और साल खत्म होने में अब करीब 55 दिन बाकी रह गए हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग साल के आखिरी दिनों में घूमने, फेस्टिव शॉपिंग, पार्टी और दूसरी जरूरतों पर खर्च करने की तैयारी करते हैं। लेकिन यही वह समय हो सकता है, जब थोड़ी समझदारी दिखाकर अच्छी बचत भी की जा सकती है। इसके लिए जरूरी नहीं कि आप अपनी जरूरतों या शौक में बड़ी कटौती करें। बस खर्च करने के तरीके में थोड़ा बदलाव करना होगा। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर नवंबर और दिसंबर के बचे दिनों में हजारों रुपये बचाए जा सकते हैं-

साल खत्म होने से पहले ऐसे बचाएं पैसे

हर खरीदारी से पहले 24 घंटे रुकें

ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान कई बार डिस्काउंट देखकर हम ऐसी चीजें भी खरीद लेते हैं, जिनकी तत्काल जरूरत नहीं होती। इससे बचने के लिए कोई भी गैर-जरूरी सामान खरीदने से पहले 24 घंटे का समय लें। अगर अगले दिन भी आपको लगता है कि उस सामान की जरूरत है, तभी खरीदारी करें। इससे जल्दबाजी में होने वाले खर्च कम होंगे।

बाहर खाने के बजाय घर के खाने को दें प्राथमिकता

ऑफिस से लौटने के बाद या वीकेंड पर बाहर से खाना मंगाना आम बात है। लेकिन बार-बार फूड डिलीवरी से महीने का बजट बिगड़ सकता है। इसकी जगह हफ्ते भर का मील प्लान तैयार करें और कोशिश करें कि ज्यादातर खाना घर पर ही बने। इससे खाने के साथ डिलीवरी चार्ज और प्लेटफॉर्म फीस की भी बचत होगी।

छोटे डिजिटल खर्चों पर रखें नजर

कई बार चाय, कॉफी, स्नैक्स और छोटी-छोटी ऑनलाइन पेमेंट पर ध्यान नहीं जाता। लेकिन महीने के अंत में यही खर्च बड़ी रकम बन जाते हैं। रोजाना होने वाले इन खर्चों को नोट करें। गैर-जरूरी खर्चों को थोड़ा कम करने से अच्छी बचत हो सकती है।

इस्तेमाल नहीं हो रहे सब्सक्रिप्शन बंद करें

कई लोगों के बैंक अकाउंट या कार्ड से OTT, म्यूजिक ऐप और दूसरी सर्विस के पैसे हर महीने कटते रहते हैं। इनमें से कुछ का इस्तेमाल भी नहीं होता। अपने सभी एक्टिव सब्सक्रिप्शन चेक करें और जिनकी जरूरत नहीं है, उन्हें बंद कर दें।

कैब की जगह दूसरे विकल्प अपनाएं

अगर ऑफिस या आसपास जाने के लिए हर बार कैब बुक करते हैं तो खर्च बढ़ सकता है। जहां तक संभव हो, मेट्रो, बस, शेयरिंग या पैदल चलने का विकल्प अपनाएं। इससे रोजाना के ट्रैवल खर्च में कमी आएगी।

बचत को महीने के अंत तक न टालें

सैलरी आते ही एक तय रकम अलग सेविंग अकाउंट या RD में ट्रांसफर कर दें। बाकी बचे पैसों से महीने का खर्च चलाएं। नवंबर और दिसंबर के लिए भी एक खर्च सीमा तय करें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article