बिजनेस

OLA Electric IPO: ओला इलेक्ट्रिक के IPO को पहले दिन ठंडा रिस्पांस, 6 अगस्त तक निवेश का मौका

OLA Electric IPO: पहले दिन आईपीओ के तहत की गई 46.51 करोड़ शेयरों की पेशकश के मुकाबले 16.31 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। कंपनी के आईपीओ को ज्यादातर रिटेल निवेशकों का समर्थन मिला और उनके लिए आरक्षित हिस्से को 1.57 गुना सबस्क्रिप्शन मिला।

Image

ओला इलेक्ट्रिक का IPO

Photo : Times Now Digital

OLA Electric IPO:इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के 6,145 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को पेशकश के पहले दिन शुक्रवार को सिर्फ 35 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर शाम पांच बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस आईपीओ के तहत की गई 46.51 करोड़ शेयरों की पेशकश के मुकाबले 16.31 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। इसका मतलब है कि पहले दिन साइज का केवल 35 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला है।

रिटेल निवेशकों से सपोर्ट

कंपनी के आईपीओ को ज्यादातर रिटेल निवेशकों का समर्थन मिला और उनके लिए आरक्षित हिस्से को 1.57 गुना सबस्क्रिप्शन मिला। गैर-संस्थागत निवेशकों की कैटेगरी को 20 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला। हालांकि, पात्र संस्थागत बोलीदाताओं (QIB) के लिए आरक्षित हिस्से में कोई खास बोली नहीं लगी।कंपनी का आईपीओ दो अगस्त से छह अगस्त तक खुला रहेगा। निर्गम के लिए मूल्य दायरा 72-76 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

कंपनी में किसकी कितनी हिस्सेदारी

इस आईपीओ के तहत 5,500 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रवर्तक और मौजूदा निवेशक 645.56 करोड़ रुपये मूल्य के 8.49 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी कर रहे हैं। इस प्रकार आईपीओ का कुल साइज 6,145.56 करोड़ रुपये है।ओएफएस के तहत कंपनी के संस्थापक भाविश अग्रवाल लगभग 3.8 करोड़ शेयरों की पेशकश करेंगे।ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में हुंदै मोटर कंपनी के 10.88 करोड़ इक्विटी शेयरों यानी 2.95 प्रतिशत हिस्सेदारी का मूल्य 76 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी मूल्य दायरे पर 9.9 करोड़ डॉलर है।

OLA IPO GMP

शेयर बाजार के जानकारों के मुताबिक, ग्रे मार्केट में ओला इलेक्ट्रिक के शेयर की कीमत 15 रुपये के प्रीमियम पर है। इसका मतलब है कि आज ओला इलेक्ट्रिक IPO जीएमपी 15 रुपये है। एओला इलेक्ट्रिक IPO के एक लॉट में 195 कंपनी शेयर शामिल हैं। शेयर आवंटन की (Ola Electric IPO allotment date) संभावित तिथि 7 अगस्त 2024 है। और 'टी+3' लिस्टिंग नियम के कारण, सार्वजनिक निर्गम संभवतः शुक्रवार, 13 अगस्त, 2024 को लिस्ट होगा।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article