बिजनेस

NSE IPO: मसौदे के मुकाबले 15% छोटा हुआ इश्यू, अब ₹22,569 करोड़ जुटाने की तैयारी

NSE IPO में पैसा लगाने का लाखों निवेशक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच आईपीओ का साइज छोटा हो गया है। यानी बिक्री के लिए अब कम शेयर उपलब्ध होंगे।

Image

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज आईपीओ

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आईपीओ को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। जून में सेबी के पास दाखिल किए गए ड्राफ्ट प्रस्ताव के मुकाबले अब आईपीओ का आकार करीब 15% घटा दिया गया है। NSE ने बिक्री पेशकश (OFS) के तहत बेचे जाने वाले शेयरों की संख्या 14.9 करोड़ से घटाकर 12.64 करोड़ कर दी है। चूंकि NSE का आईपीओ पूरी तरह OFS है, इसलिए शेयरों की संख्या घटने के साथ इश्यू का कुल आकार भी कम हो गया है।

₹22,569 करोड़ तक का होगा IPO

NSE ने आईपीओ के लिए ₹1,700-1,785 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी का आईपीओ करीब ₹22,569 करोड़ का होगा। पहले NSE के आईपीओ का आकार करीब ₹30,000 करोड़ रहने का अनुमान लगाया जा रहा था। अगर अपर प्राइस बैंड पर इश्यू आता है, तो यह देश का दूसरा सबसे बड़ा IPO होगा। इससे पहले 2024 में Hyundai Motor India का ₹27,870 करोड़ का आईपीओ सबसे बड़ा था। NSE का इश्यू 2022 में आए LIC के ₹21,000 करोड़ के आईपीओ से भी बड़ा होगा।

NSE का वैल्यूएशन भी घटा

आईपीओ के आकार के साथ NSE के अनुमानित वैल्यूएशन में भी कमी आई है। पहले एक्सचेंज का मूल्यांकन करीब ₹5 लाख करोड़ माना जा रहा था, जो अब घटकर करीब ₹4.2 लाख करोड़ रह गया है। इसी तरह पहले NSE के शेयर का अनुमानित भाव ₹2,000-2,100 बताया जा रहा था, लेकिन अब प्राइस बैंड ₹1,700-1,785 तय किया गया है।

SBI समेत कई शेयरधारकों ने घटाई हिस्सेदारी बिक्री

इश्यू का आकार घटने की सबसे बड़ी वजह मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी बेचने की योजना में बदलाव है। SBI ने अपनी प्रस्तावित बिक्री 2.47 करोड़ से घटाकर 1.6 करोड़ शेयर कर दी है। वहीं MS Strategic (Mauritius) अब 1.6 करोड़ के बजाय 1.1 करोड़ शेयर बेचेगी।

इसी तरह Bank of Baroda ने अपनी बिक्री 1.09 करोड़ से घटाकर 76.9 लाख शेयर और Stock Holding Corporation of India ने 1.08 करोड़ से घटाकर 61.87 लाख शेयर कर दी है। General Insurance Corporation of India ने 1.06 करोड़ से घटाकर 61.87 लाख शेयर, National Insurance Company ने 60 लाख से घटाकर 40 लाख और Mahagony ने 50 लाख से घटाकर 30 लाख शेयर करने का फैसला किया है।

कुछ बड़े निवेशक बिक्री पर कायम

हालांकि, कुछ शेयरधारकों ने अपनी हिस्सेदारी बिक्री में कोई बदलाव नहीं किया है। Canada Pension Plan Investment Board 1.18 करोड़ शेयर बेचेगा। इसके अलावा Aranda Investments (Mauritius), New India Assurance Company और United India Insurance Company क्रमशः 1.12 करोड़, 1.05 करोड़ और 60 लाख शेयरों की बिक्री बरकरार रखेंगे। संशोधित दस्तावेजों में SBI Capital Markets को भी बिक्री करने वाले शेयरधारक के तौर पर शामिल किया गया है। इसका नाम पहले DRHP में नहीं था।

शेयरधारकों ने क्यों घटाई बिक्री?

जानकारों के मुताबिक, प्राइस बैंड पहले के अनुमान से कम रखे जाने के कारण कुछ मौजूदा शेयरधारकों ने अपनी हिस्सेदारी बिक्री घटाई हो सकती है। संभव है कि वे भविष्य में बेहतर वैल्यूएशन मिलने की उम्मीद में अभी कम शेयर बेच रहे हों।

कब खुलेगा NSE IPO?

NSE का आईपीओ 17 सितंबर को खुलेगा और 21 सितंबर को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली 16 सितंबर को होगी। NSE के शेयरों की 24 सितंबर को शेयर बाजार में लिस्टिंग होने की संभावना है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article