Diwali Muhurat Trading Date And Time : दिवाली के शुभ अवसर पर देश के प्रमुख शेयर बाजार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने 21 अक्टूबर मंगलवार को विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र आयोजित करने की घोषणा की है। दोनों एक्सचेंजों ने अलग-अलग सर्कुमर जारी कर यह जानकारी दी कि यह प्रतीकात्मक कारोबार सत्र दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे तक आयोजित किया जाएगा। बाजार खुलने से पहले का प्री-ओपनिंग सत्र दोपहर 1:30 बजे से 1:45 बजे तक चलेगा।
हर साल की तरह इस बार भी दिवाली के दिन नियमित कारोबार नहीं होगा, लेकिन पारंपरिक मान्यता और निवेशकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए एक घंटे का विशेष मुहूर्त सत्र आयोजित किया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले साल यह सत्र शाम 6 बजे से 7 बजे तक आयोजित किया गया था, लेकिन इस बार इसका समय थोड़ा बदला गया है।
यह सत्र विक्रम संवत 2082 की शुरुआत का प्रतीक भी है, जो दिवाली से आरंभ होता है। भारतीय परंपरा में नया संवत एक नए वित्तीय और कारोबारी वर्ष की शुरुआत का संकेत देता है। निवेशक और ट्रेडर्स इसे एक शुभ अवसर मानते हैं और मान्यता है कि इस मुहूर्त में किया गया निवेश सालभर लाभ और समृद्धि लेकर आता है।
बाजार एक्सपर्ट के अनुसार, दिवाली पर मुहूर्त ट्रेडिंग लंबे समय से भारतीय शेयर बाजारों की एक सांस्कृतिक परंपरा रही है। इस दिन कई निवेशक नए निवेश की शुरुआत करते हैं, और कुछ ट्रेडर्स प्रतीकात्मक रूप से एक-दो सौदे करते हैं ताकि पूरा वर्ष शुभ और लाभकारी रहे।
इस परंपरा में सिर्फ बड़े निवेशक ही नहीं, बल्कि खुदरा निवेशक भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। यह सत्र न केवल आर्थिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होता है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपरा और व्यापार की आस्था को भी दर्शाता है।
