चीनी आईपीओ
Moore Threads IPO: भारत में ही नहीं, पड़ोसी देश चीन में भी IPO की धूम हैं। तभी तो चीनी कंपनी Moore Threads के आईपीओ को निवेशकों की ओर से 4,000 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। यह आईपीओ सब्सक्रिप्शन के इतिहास में नया रिकॉर्ड है। यूं कहें तो दुनिया की पहली कंपनी Moore बन गई है, जिसका आईपीओ, इतना ओवरसब्सक्राइब्ड हुआ है। आपको बता दें कि आईपीओ में सब्सक्रिप्शन उस प्रक्रिया को कहते हैं जिसमें निवेशक किसी कंपनी द्वारा पेश किए जा रहे शेयरों को खरीदने के लिए बोली लगाते हैं। सब्सक्रिप्शन डेटा शेयरों की मांग को दर्शाता है। अगर कोई आईपीओ शेयरों से अधिक सब्सक्राइब हो जाती है, तो उसे ओवरसब्सक्राइब्ड कहा जाता है। आइए जानते हैं कि यह चीनी कंपनी क्या करती है कि आईपीओ में पैसा लगाने के लिए निवेशक दीवाने हैं।
मूर थ्रेड्स एक टेक कंपनी है। यह गेमिंग ग्राफिक्स, AI कंप्यूटिंग, डेटा सेंटर GPUs, क्लाउड और डिजिटल क्रिएशन और मेटावर्स/वर्चुअल वर्ल्ड रेंडरिंग का काम करती है। यह Nvidia जैसी विदेशी कंपनियों के मुकाबले चीन का घरेलू GPU (Graphics Processing Unit तैयार करती है। चीन में मूर को Nvidia का सबसे करीबी चैलेंजर माना जाता है।
मूर थ्रेड्स के 1.1 अरब डॉलर (98,89,33,00,000 रुपये) के IPO के लिए निवेशकों की ओर से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। लेटेस्ट मीडिया रिपोर्ट्स से पता चलता है कि इस इश्यू को 4,126 गुना सब्सक्राइब किया गया है और कुल बिड्स लगभग 4.54 खरब डॉलर तक पहुंच गई हैं। यह रकम शुक्रवार को Nvidia की लगभग 4.3 खरब डॉलर मार्केट वैल्यू से ज्यादा है।
Moore Threads, जिसकी स्थापना 2020 में Nvidia चीन के पूर्व हेड जेम्स झांग जियानझोंग ने की थी, गेमिंग और AI वर्कलोड के लिए ग्राफिक्स प्रोसेसर विकसित करती है और जल्द से जल्द मुनाफे में आने का लक्ष्य है। कंपनी ने अपने शेयरों की कीमत 114.28 युआन रखी, जिससे उसकी वैल्यूएशन करीब 7.5 बिलियन डॉलर (53.7 बिलियन युआन) पहुंच गई और उसे 8 बिलियन युआन की नई पूंजी जुटाने में मदद मिली। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, केवल रिटेल इन्वेस्टर्स की बोलियां ही 35.5 ट्रिलियन हांगकांग डॉलर तक पहुंच गईं। अपने चार साल के इतिहास में, मूर थ्रेड्स पहले ही आर्किटेक्चर की चार जेनरेशन लॉन्च कर चुका है।
मूर थ्रेड्स अभी घाटे में है। कंपनी को 2025 की पहली छमाही में 701.8 मिलियन युआन के रेवेन्यू पर 271 मिलियन युआन का नेट लॉस हुआ है। मूर थ्रेड्स को सिर्फ 88 दिनों में लिस्टिंग के लिए फास्ट-ट्रैक अप्रूवल मिल गया हालांकि STAR मार्केट में इसकी फाइनल डेब्यू डेट अभी अनाउंस नहीं हुई है। आपको बता दें कि चीन में AI का क्रेज साफ दिख रहा है, क्योंकि स्टॉक की कीमतों में बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव हो रहा है। कैम्ब्रिकॉन टेक्नोलॉजीज के शेयर इतने बढ़ गए कि कंपनी को इन्वेस्टर्स को यह नोटिस देना पड़ा कि उनके फंडामेंटल्स मौजूदा शेयर की कीमतों में उछाल से मेल नहीं खाते।
मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि IPO का हाइप सफलता की गारंटी नहीं है? IPO की लोकप्रियता के बावजूद, Moore Threads अभी घाटे में है। मुनाफ में आने के लिए कंपनी को बाजार में टिके रहना होगा। IPO के बाद की वैल्यूएशन और निवेशकों का हाइप भविष्य की सफलता को मानकर बनाई गई है। अगर बाजार मांग या तकनीकी देरी होती है, तो शेयर में उतार-चढ़ाव हो सकता है। Moore Threads कुछ निर्यात प्रतिबंधों वाली लिस्टों में है, जिससे एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग टूल्स तक पहुंच मुश्किल हो सकती है, और वैश्विक प्रतियोगियों के मुकाबले विकास में बाधा आ सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिजनेस (Business News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।