पिछले सप्ताह शेयर बाजार में सीमित कारोबार के बावजूद बिकवाली का असर साफ नजर आया। भले ही बीएसई सेंसेक्स हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ, लेकिन बाजार की चाल ने कई दिग्गज कंपनियों की वैल्यू पर गहरी चोट की। छुट्टियों की वजह से ट्रेडिंग सेशन कम रहे, इसके बावजूद निवेशकों की सतर्कता और मुनाफावसूली ने बाजार के बड़े नामों को नुकसान पहुंचाया। नतीजा यह रहा कि सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसमें अंबानी समूह से लेकर देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई तक शामिल रहे।
इतना घटा मार्केट कैप
छुट्टियों के कारण छोटे रहे पिछले सप्ताह में शीर्ष 10 में शामिल सात सबसे मूल्यवान कंपनियों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 35,439.36 करोड़ रुपये घट गया। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक को सबसे अधिक नुकसान हुआ। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 112.09 अंक या 0.13 प्रतिशत चढ़ा। शीर्ष 10 में शामिल कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो और भारतीय जीवन बीमा निगम के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई। दूसरी ओर एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल और इंफोसिस लाभ में रहे।
किसकी कितनी घटी दौलत
भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण 12,692.1 करोड़ रुपये घटकर 8,92,046.88 करोड़ रुपये रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 8,254.81 करोड़ रुपये घटकर 21,09,712.48 करोड़ रुपये पर आ गया। बजाज फाइनेंस के बाजार पूंजीकरण में 5,102.43 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 6,22,124.01 करोड़ रुपये रह गया। दूसरी ओर एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 10,126.81 करोड़ रुपये बढ़कर 15,26,765.44 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान इंफोसिस और भारती एयरटेल का मूल्यांकन भी बढ़ा। रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही।
टॉप 10 कंपनियों की रैंकिंग
पिछले सप्ताह के मार्केट कैप के आधार पर भारत की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), जबकि चौथे स्थान पर भारतीय स्टेट बैंक (SBI), आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, लार्सन एंड टुब्रो (L&T), बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) शामिल हैं।
