बिजनेस

Jobs: आईटी, बीपीओ, एजुकेशन, हेल्थ केयर सेक्टर में 16% घटी नौकरियां, रिपोर्ट का दावा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 9, 2024, 07:42 PM IST

Jobs: नौकरी डॉट कॉम ने बताया कि दिसंबर महीने में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), बीपीओ, शिक्षा, खुदरा एवं स्वास्थ्य देखभाल सेक्टर में नौकरियों में 16 प्रतिशत की गिरावट रही।

Image

कई सेक्टर में घट रही है नौकरियां

Photo : BCCL

Jobs: दिसंबर महीने में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), बीपीओ, शिक्षा, खुदरा एवं स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्रों में भर्तियों को लेकर सतर्कता का रुख रहने से साल भर पहले की तुलना में पेशेवरों की नियुक्ति में 16 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह आकलन पेश किया गया। नौकरियों से संबंधित सूचनाएं देने वाली वेबसाइट नौकरी डॉट कॉम ने नौकरी जॉबस्पीक सूचकांक के विश्लेषण पर आधारित यह रिपोर्ट जारी की। इसके मुताबिक, दिसंबर के महीने में कुछ क्षेत्रों मे भर्तियों को लेकर सतर्कता का रुख देखा गया।

लगातार प्रभावित हो रहे आईटी सेक्टर

नौकरी डॉट कॉम के मुख्य कारोबार अधिकारी पवन गोयल ने कहा कि हमने नवंबर की तुलना में दिसंबर में नियुक्ति गतिविधियों में दो प्रतिशत की मामूली वृद्धि देखी जिसमें गैर-आईटी क्षेत्रों की अहम भूमिका रही। हालांकि, लगातार प्रभावित हो रहे आईटी क्षेत्र की वजह से पिछले साल के मुकाबले कुल भर्तियों में 16 प्रतिशत की गिरावट आई है। यह आईटी क्षेत्र में भर्ती गतिविधियों के पूरी तरह सामान्य होने में लगने वाले लंबे समय को दर्शाता है।

अन्य सेक्टर भी प्रभावित

रिपोर्ट कहती है कि आईटी क्षेत्र में दिसंबर, 2023 के दौरान नियुक्तियों में पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 21 प्रतिशत की गिरावट देखी गई जबकि नवंबर, 2023 के पिछले महीने की तुलना में चार प्रतिशत की गिरावट रही। नौकरी जॉबस्पीक सूचकांक के मुताबिक, बीपीओ, शिक्षा, खुदरा और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में बीते माह सतर्क नियुक्ति धारणा देखी गई। इन क्षेत्रों में सालाना आधार पर क्रमशः 17 प्रतिशत, 11 प्रतिशत, 11 प्रतिशत और 10 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। नौकरी जॉबस्पीक एक मासिक सूचकांक है जो भारतीय नौकरी बाजार की स्थिति को दर्शाता है। यह नौकरी डॉट कॉम के बायोडाटा डेटाबेस पर भर्तीकर्ताओं द्वारा नई नौकरी की सूचना और नौकरी से संबंधित खोजों पर भर्ती गतिविधियों का प्रतिनिधित्व करता है।

आतिथ्य सेक्टर में वृद्धि कायम

रिपोर्ट के मुताबिक आतिथ्य क्षेत्र ने नई नौकरियों की पेशकश में अपनी वृद्धि की रफ्तार कायम रखी है और पिछले साल दिसंबर की तुलना में नियुक्तियां चार प्रतिशत बढ़ी हैं। इस क्षेत्र में नौकरी की वृद्धि मुंबई और दिल्ली-एनसीआर में सबसे ज्यादा है। रिपोर्ट कहती है कि गैर-महानगरों ने नियुक्ति के मामले में महानगरों को पीछे छोड़ दिया। वडोदरा में तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई जबकि चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे एवं कोलकाता में क्रमशः 24 प्रतिशत, 23 प्रतिशत, 23 प्रतिशत, 17 प्रतिशत एवं 16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। (इनपुट भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article