बिजनेस

ईरान वॉर से महंगा हुआ पानी पीना, अब एक लीटर बोतल के लिए देने होंगे इतने ज्यादा पैसे!

ईरान और मिडिल ईस्ट की जंग का असर अब पीने के पानी पर भी दिख रहा है, कच्चे तेल के बढ़ते दामों ने प्लास्टिक बोतलों और पैकेजिंग की लागत 70% तक बढ़ा दी है, जिससे बिसलेरी और पेप्सी जैसे ब्रांड्स 11% महंगे हो गए हैं। जानिए अब आपको एक लीटर पानी के लिए कितने पैसे चुकाने होंगे।

Image

Iran War Impact in Water

अभी तक हम यही सोच रहे थे कि ईरान और मिडिल ईस्ट की जंग सिर्फ पेट्रोल-डीजल या गैस सिलेंडर को महंगा करेगी, लेकिन अब यह महंगाई आपकी प्यास तक पहुंच चुकी है। जी हां, रसोई और गाड़ी के बाद अब आपकी मेज पर रखी पानी की बोतल भी जंग की आग की लपेट में आ गई है और तपकर महंगी हो गई है। देश की दिग्गज पानी कंपनियों ने बोतलबंद पानी की कीमतों में 11 फीसदी तक की भारी बढ़ोतरी कर दी है। साफ़ पानी पीने के लिए भारत जैसे देश में बोतलबंद पानी का महंगा होना आम आदमी की जेब पर एक बड़ा 'वॉटर स्ट्राइक' है।

क्यों बढ़ीं पानी की कीमतें

मिडिल ईस्ट में छिड़े युद्ध का असर भारत के पांच अरब डॉलर के बोतलबंद पानी के बाजार पर साफ दिखने लगा है। बिसलेरी, कोका-कोला, पेप्सी, रिलायंस और टाटा जैसी बड़ी कंपनियों के बीच चल रही प्रतिस्पर्धा के बीच अब कीमतों को बढ़ाना उनकी मजबूरी बन गया है। इस महंगाई की सबसे बड़ी वजह कच्चा तेल (Crude Oil) है। दरअसल, प्लास्टिक की बोतलें और उनके ढक्कन बनाने के लिए 'पॉलिमर' की जरूरत होती है, जो कच्चे तेल से बनता है। युद्ध के कारण तेल महंगा हुआ, जिससे पॉलिमर की लागत बढ़ गई और देखते ही देखते प्लास्टिक की बोतलों और ढक्कनों के दाम आसमान छूने लगे। इसका सीधा बोझ अब कंपनियों ने ग्राहकों के कंधों पर डाल दिया है।

किसकी कितनी हिस्सेदारी?

भारत की सबसे बड़ी पानी कंपनी बिसलेरी (Bisleri), जिसकी बाजार में एक-तिहाई हिस्सेदारी है, उसने कीमतों में सीधे 11 फीसदी का इजाफा कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब एक लीटर पानी की 12 बोतलों वाले बॉक्स के लिए आपको 240 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले इसके लिए सिर्फ 216 रुपये देने पड़ते थे। मीडिया रिपोर्ट्स में बिसलेरी के सीईओ एंजेलो जॉर्ज के हवाले से बताया गया है कि पैकेजिंग मटेरियल की लागत में पिछले 15 दिनों में 70 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है, जिसे झेलना अब किसी के बस में नहीं रहा। सिर्फ बिसलेरी ही नहीं, बल्कि पार्ले एग्रो के 'बैली' और 'क्लियर प्रीमियम वॉटर' जैसे ब्रांड्स ने भी अपनी कीमतों में 8 से 11 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी है।

बोतल बनाने का सामान भी हुआ महंगा

हैरानी की बात यह है कि प्लास्टिक की बोतलें बनाने वाली सामग्री अब 170 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है, जो पहले की तुलना में 50 फीसदी ज्यादा है। यहाँ तक कि पानी की बोतल के ढक्कन, जो पहले सस्ते मिलते थे, उनकी कीमत अब दोगुनी होकर 45 पैसे प्रति पीस हो गई है। इतना ही नहीं, बोतलों को पैक करने वाले गत्ते के डिब्बे (Boxes), स्टिकर और टेप भी महंगे हो गए हैं। इस महंगाई ने सरकार के उस बड़े फैसले का असर भी खत्म कर दिया है, जिसमें सितंबर में बोतलबंद पानी पर टैक्स 18% से घटाकर 5% किया गया था। टैक्स कम होने से जो राहत ग्राहकों को मिलने वाली थी, वह अब युद्ध की वजह से बढ़ी हुई लागत की भेंट चढ़ गई है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article