बिजनेस

मार्च में आ सकता है देश की सबसे बड़ी AMC SBI Mutual Fund का IPO, ₹13.5 हजार करोड़ तक जुटाएगी कंपनी: रिपोर्ट

भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI Funds Management अगले महीने IPO के लिए दस्तक दे सकती है। कंपनी करीब $1.5 अरब जुटाने की तैयारी में है, जो इस सेक्टर का अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू बन सकता है।

Image

मार्च में आएगा इश्यू

Photo : Times Now Digital

देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) का आईपीओ जल्द बाजार में दस्तक दे सकता है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी मार्च में DRHP दाखिल करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट में बताया गया है कि SBI Funds Management मार्च में IPO के लिए अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है। प्रस्तावित इश्यू से कंपनी लगभग 1.5 अरब डॉलर यानी करीब 13,500 करोड़ रुपये जुटा सकती है। हालांकि, अभी चर्चा जारी है और इश्यू का आकार व टाइमलाइन बदल भी सकती है।

वैल्यूएशन 15 अरब डॉलर के आसपास

रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी लगभग 15 अरब डॉलर यानी 1.35 लाख करोड़ रुपये वैल्यूएशन को टारगेट कर रही है। यह वैल्यूएशन हाल ही में लिस्ट हुई ICICI Prudential Asset Management के वैल्यूएशन से थोड़ा कम होगी, जिसने दिसंबर में करीब 1.2 अरब डॉलर का IPO लाकर करीब 16.7 अरब डॉलर की मार्केट वैल्यू हासिल की थी।

12.5 लाख करोड़ रुपये का AUM

SBI Funds भारत की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी है, जिसके पास करीब 12.5 लाख करोड़ रुपये का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) है। कंपनी की हिस्सेदारी State Bank of India और फ्रांस की Amundi SA के पास है। दोनों साझेदार पहले ही IPO के जरिए लगभग 10% हिस्सेदारी बेचने की योजना का संकेत दे चुके हैं।

सुस्त पड़े IPO बाजार के बीच बड़ी एंट्री

यह IPO ऐसे समय आ रहा है जब भारतीय IPO बाजार की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी है। लगातार दो साल की रिकॉर्ड फंडरेजिंग के बाद अब कमजोर इक्विटी बाजार और हाल की कुछ लिस्टिंग्स में कमजोर मांग ने वैल्यूएशन पर दबाव बनाया है। Aye Finance और Fractal Analytics जैसी हालिया लिस्टिंग्स में निवेशकों की दिलचस्पी सीमित रही है।

कई बड़े बैंक बुक रनर

इस इश्यू को मैनेज करने के लिए Kotak Mahindra Capital, Axis Bank, SBI Capital Markets, Motilal Oswal, ICICI Securities, JM Financial के साथ HSBC, Jefferies और Bank of America के भारतीय यूनिट्स को नियुक्त किया गया है। सूत्रों के मुताबिक Citi और JPMorgan ने कम फीस के चलते इस डील से दूरी बनाई।

अगर यह IPO तय समय पर आता है, तो यह 2026 के सबसे बड़े और बाजार के मूड को तय करने वाले पब्लिक इश्यू में शामिल हो सकता है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article