Premium

India-US Trade Deal : एक तीर से तीन निशाने, चीन-पाकिस्तान-बांग्लादेश पर कैसे भारी पड़ा भारत?

India-USA Trade Deal पर राजी हो गए हैं। अमेरिका ने टैरिफ घटाने का ऐलान कर दिया है। एक्सपोर्ट मार्केट के लिहाज से यह भारत के लिए एक तीर से तीन निशाने साधने जैसा है। जानें कैसे इसके चलते भारत एक साथ चीन-पाकिस्तान और बांग्लादेश पर भारी पड़ा है।

Image
Photo : Times Now Digital
भारत अमेरिका ट्रेड डील

India-US Trade Deal ने ग्लोबल एक्सपोर्ट मार्केट के डायनेमिक्स में खलबली मचा दी है। भारतीय शेयर बाजार ने भी इसका स्वागत किया है। अमेरिका भारत के सबसे बड़े कारोबारी साझेदारों में एक है। इसके अलावा ट्रेड सरप्लस का सबसे बड़ा स्रोत है। लेकिन, 50% टैरिफ की वजह से भारत के 48 अरब डॉलर के निर्यात पर बुरा असर पड़ रहा था।

बहरहाल, दोनों देशों ने ट्रेड डील पर सहमति का ऐलान किया है। इसके साथ ही अमेरिका ने भारत पर लगे टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया है। भारत के नजरिये से देखें, तो यह एक तीर से तीन निशाने साधने जैसा है। क्योंकि, भारत और अमेरिका के बीच हुई नई ट्रेड डील ने एशिया में व्यापारिक प्रतिस्पर्धा का पूरा समीकरण बदल दिया है।

सिर्फ टैरिफ की बात नहीं

अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों पर टैरिफ घटकर 25% से 18% होने के बाद भारत को अपने तीन प्रमुख प्रतिस्पर्धी देशों चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के मुकाबले सीधा फायदा मिलना तो तय है। यह डील सिर्फ टैरिफ कटौती तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे निर्यात, निवेश और सप्लाई चेन शिफ्ट जैसे तीन बड़े मोर्चों पर भारत को बढ़त मिलने की संभावना बन रही है। इसलिए इसे ‘एक तीर से तीन निशाने’ वाली स्थिति कहा जा रहा है।

क्या बदला इस ट्रेड डील में?

नई व्यवस्था के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगने वाला शुल्क घटाकर 18% कर दिया है। इससे पहले भारत पर 25% का टैरिफ लागू था। इसके अलावा, रूस से तेल आयात के कारण लगाए गए अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क को भी वापस लेने की सहमति बनी है, जिससे भारतीय निर्यातकों पर दबाव कम होगा। इस फैसले का असर सीधे उन उद्योगों पर पड़ेगा जो अमेरिकी बाजार पर काफी हद तक निर्भर हैं, जैसे टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग गुड्स, केमिकल, ऑटो कंपोनेंट, जेम्स एंड ज्वेलरी, फार्मा और सीफूड सेक्टर। टैरिफ घटने का मतलब है कि अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पाद अब प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले सस्ते और ज्यादा आकर्षक होंगे।

US India Trade Infograph.

पहला निशाना: प्रतिस्पर्धा में आगे

  • टैरिफ कटौती के बाद भारत अब एशिया के कई देशों से बेहतर स्थिति में आ गया है। चीन पर अमेरिकी टैरिफ करीब 37% है, जबकि पाकिस्तान और बांग्लादेश पर क्रमशः 19% और 20% का शुल्क लागू है।
  • इसका सीधा मतलब है कि अमेरिकी आयातकों के लिए भारत से सामान खरीदना अब अधिक फायदेमंद हो सकता है। विशेषकर टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर में भारत बांग्लादेश और पाकिस्तान से ऑर्डर छीन सकता है।
  • इंजीनियरिंग गुड्स और केमिकल सेक्टर में भी भारतीय कंपनियों को फायदा मिल सकता है, जहां पहले कीमत के कारण ऑर्डर चीन या अन्य देशों को मिल जाते थे।

दूसरा निशाना: सप्लाई चेन शिफ्ट

  • कोविड के बाद से दुनिया भर की कंपनियां चीन पर निर्भरता कम करने की रणनीति अपना रही हैं, जिसे ‘चीन प्लस वन’ कहा जाता है। ऐसे में भारत एक संभावित विकल्प के तौर पर उभर रहा था, लेकिन टैरिफ और लागत के कारण कई कंपनियां वियतनाम या बांग्लादेश जैसे देशों की ओर भी जा रही थीं।
  • अब कम टैरिफ के कारण भारत ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो गया है। इससे बहुराष्ट्रीय कंपनियां अपने उत्पादन और सोर्सिंग नेटवर्क को भारत की ओर मोड़ सकती हैं।
  • अगर सप्लाई चेन का यह शिफ्ट तेज होता है तो इससे भारत में मैन्युफैक्चरिंग निवेश, रोजगार और निर्यात क्षमता में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।

तीसरा निशाना: निवेश और निर्यात

  • कम टैरिफ का फायदा सिर्फ निर्यात तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे विदेशी निवेश यानी FDI को भी बढ़ावा मिल सकता है। जब कंपनियों को यह भरोसा होता है कि किसी देश से निर्यात करना स्थिर और लाभदायक रहेगा, तो वे वहां फैक्ट्रियां और उत्पादन केंद्र स्थापित करने में ज्यादा रुचि दिखाती हैं।
  • भारत पहले से ही मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, ऑटो कंपोनेंट और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहा है। अब अमेरिकी बाजार तक बेहतर पहुंच मिलने से निवेश की गति और तेज हो सकती है।
देशअमेरिकी टैरिफ दरभारत के मुकाबले स्थितिसंभावित असर
भारत18%सबसे बेहतर स्थितिएक्सपोर्ट प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी
चीन37%भारत से महंगाऑर्डर भारत की ओर शिफ्ट हो सकते हैं
पाकिस्तान19%भारत से थोड़ा महंगाटेक्सटाइल ऑर्डर पर दबाव
बांग्लादेश20%भारत से महंगागारमेंट सेक्टर में भारत को फायदा

रणनीतिक और राजनीतिक संबंध भी मजबूत

यह समझौता सिर्फ व्यापारिक नहीं, बल्कि रणनीतिक भी माना जा रहा है। भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक सहयोग के साथ-साथ टेक्नोलॉजी, रक्षा और ऊर्जा क्षेत्रों में भी साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। अमेरिका भी भारत को एशिया में एक भरोसेमंद आर्थिक और रणनीतिक साझेदार के रूप में देख रहा है। इससे दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक व्यापार और निवेश संबंध मजबूत होने की संभावना है।

टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर को सबसे ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है, क्योंकि अमेरिका भारत का बड़ा खरीदार है। इसी तरह इंजीनियरिंग गुड्स, स्टील प्रॉडक्ट्स, मशीनरी और ऑटो पार्ट्स के निर्यात में भी तेजी आ सकती है। सीफूड उद्योग, जो पिछले कुछ महीनों से दबाव में था, उसके लिए भी यह राहत की खबर है। उद्योग संगठनों को उम्मीद है कि अब अमेरिकी बाजार से नए ऑर्डर मिलना शुरू हो सकते हैं। जेम्स एंड ज्वेलरी और केमिकल सेक्टर भी इस फैसले से मजबूत स्थिति में आ सकते हैं। इसका असर शेयर बाजार में दिख भी रहा है। जहां कुछ शेयर रॉकेट बन गए हैं।

कुछ सवाल अभी बाकी

हालांकि टैरिफ कटौती की घोषणा हो चुकी है, लेकिन अभी तक इस समझौते की विस्तृत शर्तें और लागू होने की सटीक तारीख सार्वजनिक नहीं हुई है। दोनों देशों की ओर से औपचारिक अधिसूचना का इंतजार है। इसके अलावा, आने वाले महीनों में यह भी देखना होगा कि अमेरिकी कंपनियां और आयातक वास्तव में किस हद तक भारतीय सप्लायर्स की ओर रुख करते हैं।

भारत के लिए बड़ा अवसर

India-US ट्रेड डील भारत के लिए सिर्फ एक व्यापारिक समझौता नहीं, बल्कि वैश्विक व्यापार में अपनी स्थिति मजबूत करने का बड़ा अवसर है। कम टैरिफ से भारत को चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे प्रतिस्पर्धियों पर बढ़त मिली है। अगर सरकार और उद्योग जगत इस मौके का सही इस्तेमाल करते हैं, तो भारत अगले कुछ वर्षों में एशिया के प्रमुख निर्यात और मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकता है। यानी, एक फैसले ने सचमुच भारत के लिए तीन बड़े फायदे के रास्ते खोल दिए हैं।

End of Article