बिजनेस

India-Pakistan मैच से Jio-Hotstar की बल्ले-बल्ले, 3 घंटे में लूट लिए इतने हजार करोड़ रुपए

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का मैदान जब सजता है, तो नोटों की बारिश होना तय है। श्रीलंका में खेले गए इस टी20 वर्ल्ड कप महामुकाबले में JioStar की किस्मत बदल दी। मैच के रोमांच के बीच ब्रॉडकास्टर ने महज 3 घंटे के खेल में विज्ञापनों और स्पॉन्सरशिप के जरिए ₹2,000 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस समेट लिया। आलम यह था कि स्क्रीन पर सिर्फ 10 सेकंड का चेहरा दिखाने के लिए ब्रांड्स ने ₹40 लाख तक की भारी-भरकम कीमत चुकाई, जो सामान्य से दोगुनी है।

Jiostar earning ind vs pak

Jiostar earning ind vs pak

क्रिकेट के मैदान पर जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होती हैं, तो रोमांच सिर्फ बाउंड्री तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह बाजार में 'पैसों की सुनामी' लेकर आता है। हाल ही में श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह मैच दुनिया का सबसे बड़ा कमर्शियल इवेंट है। इस मैच से ब्रॉडकास्टर JioStar को इतनी बंपर कमाई हुई है कि उसने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। 3 घंटे के इस खेल ने विज्ञापन और डिजिटल व्यूअरशिप के जरिए हजारों करोड़ रुपये का बिजनेस खड़ा कर दिया है।

JioStar की तिजोरी में बरसे ₹2,000 करोड़

ब्रॉडकास्टिंग की दुनिया में इस मैच ने 'कुबेर के खजाने' जैसा काम किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, JioStar को पूरे टूर्नामेंट से करीब ₹2,000 करोड़ से अधिक के विज्ञापन राजस्व (Ad Revenue) की उम्मीद है, जिसका एक बड़ा हिस्सा अकेले भारत-पाकिस्तान मैच से आया है। इस मैच के लिए विज्ञापन की दरें आसमान छू रही थीं। जहां सामान्य दिनों में 10 सेकंड के विज्ञापन स्लॉट की कीमत ₹20-25 लाख होती है, वहीं इस मैच के दौरान यह बढ़कर ₹40 लाख प्रति 10 सेकंड तक पहुंच गई। यानी कंपनियों ने अपनी ब्रांडिंग के लिए हर सेकंड ₹4 लाख खर्च किए। इस लिस्ट में ब्रिटानिया, अमूल, हुंडई, एमिरेट्स और महिंद्रा जैसे बड़े नाम टॉप स्पॉन्सर्स के रूप में शामिल रहे।

पाकिस्तान के 'यू-टर्न' ने बढ़ाया बिजनेस का रोमांच

शुरुआत में मैच पर संशय बना हुआ था क्योंकि पाकिस्तान ने मैच के बहिष्कार की बात कही थी, लेकिन आखिरी वक्त पर पाकिस्तान के खेलने के फैसले ने एडवरटाइजिंग मार्केट में जान फूंक दी। मीडिया बाइंग फर्मों के अनुसार, जैसे ही मैच कंफर्म हुआ, 'फेंस-सिटर' (दुविधा में फंसे) विज्ञापनदाताओं ने अपनी तिजोरियां खोल दीं। हर कोई अपने प्रतिद्वंद्वी से ज्यादा स्क्रीन स्पेस पाने के लिए ऊंची कीमत चुकाने को तैयार था। गूगल जेमिनी, नेटफ्लिक्स, फ्लिपकार्ट और थम्स अप जैसे ब्रांड्स ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया।

Swiggy और Zomato पर ऑर्डर्स की बाढ़

मैच के दौरान घरों में जश्न का माहौल था, जिसका सीधा असर फूड डिलीवरी ऐप्स पर दिखा। Swiggy और Zomato ने 'चीयर फॉर इंडिया' जैसे कैंपेन चलाकर फैंस को लुभाया और पार्टनर रेस्टोरेंट्स पर फ्लैट डील्स दीं। स्विगी का एक ट्वीट 'पड़ोसी के लिए ऑर्डर तैयार रखा है' सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ, जो भारत के शानदार ट्रैक रिकॉर्ड की ओर इशारा कर रहा था। स्नैक्स और कोल्ड ड्रिंक जैसे सामानों की मांग में 50% से अधिक का उछाल देखा गया। रेस्टोरेंट इंडस्ट्री के जानकारों के मुताबिक, मैच के दौरान 'एवरेज ऑर्डर वैल्यू' (AOV) में 20% की बढ़ोतरी हुई, क्योंकि लोगों ने ग्रुप में बैठकर मैच देखते हुए भारी मात्रा में खाने-पीने का सामान मंगवाया।

पब और बार्स में 'हाउसफुल', फीस हुई दोगुनी

सिर्फ ऑनलाइन ही नहीं, ऑफलाइन मार्केट में भी जबरदस्त गर्मी रही। 'द बीयर कैफे' और हयात सेंट्रिक जैसे बड़े आउटलेट्स ने बताया कि भारत-पाक मैच के दिन फुटफॉल (ग्राहकों की संख्या) सामान्य रविवार के मुकाबले दोगुनी रही। कई क्लबों और बार्स ने लाइव स्क्रीनिंग के लिए 'डाइन-इन चार्जेस' को दोगुना कर दिया था, फिर भी बुकिंग्स फुल थीं। ग्रुप बुकिंग्स और लंबे समय तक बैठकर मैच देखने वाले फैंस की वजह से शराब और खाने की बिक्री में 35-40% का एक्स्ट्रा मुनाफा दर्ज किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

रिचा त्रिपाठी
रिचा त्रिपाठी author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article