India Become Most Attractive Emerging Market: भारत ने निवेश के लिहाज से सर्वाधिक आकर्षक उभरते बाजार (Most Attractive Emerging Market) के तौर पर चीन को पीछे छोड़ दिया है। दुनिया भर के प्रमुख केंद्रीय बैंकों और सरकारी संपत्ति कोष (Sovereign Wealth Funds) के एक सर्वे में यह नतीजा सामने आया है।
वैश्विक निवेश मैनेजमेंट फर्म 'इन्वेस्को' (Invesco) की सोमवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा गया कि 21,000 अरब डॉलर की संपत्ति रखने वाले 57 केंद्रीय बैंकों और 85 सरकारी संपत्ति कोष के एक सर्वे में सबसे अधिक आकर्षक उभरते बाजार के रूप में चीन के बजाय भारत को चुना गया है।
इसलिए भारत बना नंबर 1
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत को अपने सुधरी हुई कारोबारी एवं राजनीतिक स्थिरता, अनुकूल डेमोग्राफिक्स, रेगुलेटरी इनिशिएटिव्स और सरकारी निवेशकों के लिए दोस्ताना माहौल बनने से तेजी से सकारात्मक रूप में देखा जाने लगा है। इस रिपोर्ट को केंद्रीय बैंकों एवं सरकारी संपत्ति कोषों के 142 चीफ इंवेस्टमेंट ऑफिसर्स के विचारों के आधार पर तैयार किया गया है।
निवेशकों की पोर्टफोलियो के लिए रणनीति
रिपोर्ट के मुताबिक, उच्च मुद्रास्फीति और वास्तविक ब्याज दरों के दौर में निवेशक अपने पोर्टफोलियो को नए सिरे से तैयार कर रहे हैं। सरकारी संपंत्ति कोषों को निश्चित आय और प्राइवेट डेब्ट पसंद है जबकि भारत जैसे उभरते बाजार अपने मजबूत डेमोग्राफिक्स, राजनीतिक स्थिरता और एक्टिव रेगुलेशन से निवेश के लिए प्रमुख डेस्टिनेशन बनकर उभरे हैं।
और कैसे मिल रहा फायदा
रिपोर्ट कहती है, इमर्जिंग मार्केट्स के बीच भारत ने चीन को पीछे छोड़ते हुए सरकारी निवेशकों के हित का खास ध्यान रखा है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत सरकारी निवेशकों को पसंद आने वाली विशेषताओं से लैस है। इसका नतीजा यह हुआ है कि भारत ने अब इमर्जिंग मार्केट में निवेश के लिए सर्वाधिक आकर्षक बाजार के तौर पर चीन को पीछे छोड़ दिया है।
भारत मेक्सिको एवं ब्राजील समेत उन देशों में शामिल है जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मांग पूरी करने के लिए विदेशी कॉरपोरेट निवेश में बढ़ोतरी से फायदा ले रहे हैं।
