बिजनेस

India Forex Reserves: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार घटा, अब इतने अरब डॉलर रह गया

India forex reserves: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है। भारत का फॉरेक्स रिजर्व 24 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 6.92 अरब डॉलर घटकर 695.35 अरब डॉलर रह गया।

Image

डॉलर

India forex reserves: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 24 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 6.92 अरब डॉलर घटकर 695.35 अरब डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इसके एक सप्ताह पहले देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.49 अरब डॉलर बढ़कर 702.28 अरब डॉलर हो गया था। आरबीआई की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.86 अरब डॉलर घटकर 566.54 अरब डॉलर रह गईं।

स्वर्ण भंडार में भी गिरावट

डॉलर के संदर्भ में व्यक्त विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी इकाइयों के मूल्यवृद्धि या मूल्यह्रास का प्रभाव शामिल होता है। आरबीआई ने कहा कि आलोच्य सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 3.01 अरब डॉलर घटकर 105.536 अरब डॉलर रह गया। इस दौरान विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) भी 5.8 करोड़ डॉलर घटकर 18.66 अरब डॉलर रह गए। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत का आरक्षित भंडार 60 लाख डॉलर बढ़कर 4.608 अरब डॉलर हो गया।

रुपया गिरावट से उबरकर सपाट बंद

रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले दिनभर गिरावट में रहने के बाद 88.69 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर स्थिर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी डॉलर में मजबूती इसकी मुख्य वजह रही। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 88.60 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान इसने 88.59 प्रति डॉलर के उच्च और 88.78 प्रति डॉलर के निम्न स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में अपने पिछले बंद स्तर से अपरिवर्तित 88.69 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपया बृहस्पतिवार को 47 पैसे टूटकर 88.69 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.39 पर आ गया।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभ... और देखें

End of Article