HUL Results: तेल, साबुन और घरेलू इस्तेमाल की चीजें बेचने वाली कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने अप्रैल से जून 2025 के बीच शानदार प्रदर्शन किया है। इस तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा करीब 6% बढ़कर 2,768 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में HUL को 2,612 करोड़ रुपये का फायदा हुआ था।
बिक्री में भी बढ़ोतरी
इस तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री 5.15% बढ़कर 16,296 करोड़ रुपये हो गई। जबकि पिछले साल यही बिक्री 15,497 करोड़ रुपये रही थी। HUL का कुल खर्च भी बढ़ा है। इस बार कंपनी ने 13,284 करोड़ रुपये खर्च किए, जो कि पिछले साल की तुलना में 7.25% ज्यादा है।
क्या बोले CEO?
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक कंपनी के सीईओ रोहित जावा ने कहा कि दैनिक जरूरत की चीजों की मांग अब धीरे-धीरे बढ़ रही है और आने वाले समय में इसमें सुधार जारी रहेगा। यह प्रदर्शन दिखाता है कि HUL जैसे एफएमसीजी ब्रांड की बाजार में पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है।
क्या काम करती है कंपनी
Hindustan Unilever Limited (HUL) एक प्रमुख FMCG कंपनी है, जो भारत में रोजाना इस्तेमाल होने वाले उत्पाद जैसे साबुन, शैम्पू, डिटर्जेंट, टूथपेस्ट, चाय, कॉफी, आइसक्रीम और सफाई के सामान बनाती और बेचती है।
