बिजनेस

बिना कार्ड लिए कैसे सुधारें अपना क्रेडिट स्कोर? ये है सबसे आसान प्रोसेस

क्रेडिट कार्ड ना हो तो क्रेडिट स्कोर कैसे सुधरेगा, कई लोग लोन लेने से पहले ही घबरा जाते हैं। लेकिन सच यह है कि क्रेडिट स्कोर मजबूत बनाने के लिए क्रेडिट कार्ड होना कोई जरूरी शर्त नहीं है। आज हम आपको बताते हैं आसान तरीके जिनसे आप अपना क्रेडिट स्कोर सुधार सकते हैं।

Image

Credit score

आज के समय में अच्छा क्रेडिट स्कोर आपके वित्तीय भविष्य के लिए बेहद जरूरी हो गया है, क्योंकि बैंक और NBFC इसी स्कोर के आधार पर लोन मंजूर करते हैं। बहुत से लोग सोचते हैं कि क्रेडिट कार्ड होने पर ही क्रेडिट स्कोर सुधारा जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं है। बिना क्रेडिट कार्ड भी आप जिम्मेदारी से किए गए कुछ आसान कदमों के जरिए अपना स्कोर मजबूत बना सकते हैं। आइए आज हम आपको बताते हैं आसान तरीके जिनसे आप अपना क्रेडिट स्कोर सुधार सकते हैं।

ऐसे मजबूत करें क्रेडिट स्कोर

अगर आपके पास क्रेडिट कार्ड नहीं है, तो शुरुआत आप छोटे–छोटे लोन लेकर कर सकते हैं। जैसे छोटा पर्सनल लोन, फिक्स्ड डिपॉजिट पर मिलने वाला सिक्योर्ड लोन, या ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर मिलने वाली EMI या Buy Now Pay Later (BNPL) सर्विस। सबसे जरूरी बात यह है कि इन सभी का भुगतान समय पर करें, क्योंकि एक भी देरी आपकी पूरी क्रेडिट हिस्ट्री को नुकसान पहुंचा सकती है। इसके साथ ही बिजली, पानी, मोबाइल, इंटरनेट, किराया और सब्सक्रिप्शन जैसे सभी बिल समय पर चुकाना भी आपके स्कोर को धीरे–धीरे मजबूत बनाता है।

क्यों जरुरी है क्रेडिट स्कोर?

आपकी स्थिर नौकरी और नियमित आय भी आपकी क्रेडिट प्रोफाइल को मजबूत बनाती है और लोनदाताओं को भरोसा दिलाती है कि आप समय पर भुगतान करेंगे। इसी तरह एक साथ कई लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने से बचना चाहिए, क्योंकि हर आवेदन पर होने वाली हार्ड इंक्वायरी क्रेडिट स्कोर को नीचे ला सकती है। साल में एक बार मिलने वाली फ्री क्रेडिट रिपोर्ट को जरूर जांचना चाहिए और अगर उसमें कोई गलती मिले तो तुरंत उसे ठीक करवाएं, ताकि आपका स्कोर गलत तरीके से प्रभावित न हो।

समय पर EMI और बिल भरने की आदत, सोच–समझकर उधार लेना और छोटे–छोटे क्रेडिट चैनलों का सही उपयोग ये सभी बातें मिलकर बिना क्रेडिट कार्ड भी आपकी क्रेडिटवर्थनेस बढ़ाती हैं। आमतौर पर 6 से 12 महीनों की नियमित और जिम्मेदार भुगतान हिस्ट्री के बाद इसका असर दिखने लगता है। यही कारण है कि यह तरीका आसान भी है और सबसे प्रभावी भी, जिससे आप बिना क्रेडिट कार्ड एक मजबूत और भरोसेमंद क्रेडिट स्कोर बना सकते हैं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article