पश्चिम एशिया में चल रही जंग के बीच ईरान ने 1 करोड़ रियाल का नया नोट जारी किया है। भारतीय मुद्रा में इस नोट की वैल्यू मात्र ₹650 के आसपास है। चूंकि ईरान की जंग अमेरिका और इजराइल से चल रही है तो अक्सर लोगों के मन में यह सवाल आता है कि इजराइल जैसे देश में भारतीय रुपये की कितनी कीमत है। और अगर किसी के पास 10,000 भारतीय रुपये हों तो वो इजरायल में कितने दिन चलेंगे? आज हम इसी पर बात करेंगे और उदाहरणों के जरिए जानेंगे कि इतने रुपये में इजरायल में कैसे और कितने समय तक रहा जा सकता है।
इसको ऐसे समझें
अगर मार्च 2026 के आसपास की विनिमय दर को आधार मानें,तो भारत के 10,000 रुपये लगभग 330-335 इजरायली शेकेल (ILS)के बराबर बैठते हैं। सुनने में यह रकम ठीक लग सकती है,लेकिन जब बात इजराइल के बड़े शहरों जैसे तेल अवीव या येरूशलम में खर्च करने की आती है तो यह बहुत सीमित खर्च ही कवर कर पाती है।
रुपये की वैल्यू और इजराइल की महंगाई
इजराइल की मुद्रा शेकेल को मजबूत करेंसी माना जाता है और वहां का जीवन स्तर भी काफी ऊंचा है। इसी वजह से भारतीय रुपये की क्रय शक्ति वहां कम हो जाती है। जो रकम भारत में आराम से कई दिन का खर्च चला सकती है,वहीं इजराइल में एक-दो दिन में खत्म हो सकती है।खाने-पीने पर खर्च
अगर आप वहां के किसी मिड-रेंज रेस्टोरेंट में जाते हैं,तो दो लोगों के एक टाइम के खाने पर करीब 200 से 250 शेकेल तक खर्च हो सकते हैं। यानी 10,000 रुपये में आप सिर्फ 2–3 बार ही ढंग से बाहर खाना खा पाएंगे।
हालांकि,ऐसा नहीं है कि वहां सस्ते विकल्प नहीं हैं, वहां चीजें सस्ते में भी मिल सकती हैं। जैसे फलाफेल या हम्मस खाया जा सकता है। इनकी एक प्लेट लगभग 20 से 40 शेकेल में मिल जाती है। इस हिसाब से स्ट्रीट फूड के जरिए आप इस बजट को थोड़ा ज्यादा दिन चला सकते हैं।
आने-जाने का खर्चा
इजराइल में पब्लिक ट्रांसपोर्ट अच्छा है,लेकिन सस्ता नहीं। बस या ट्रेन का किराया एक तरफ के लिए लगभग 6 से 15 शेकेल के बीच होता है। वहीं टैक्सी से छोटी दूरी तय करने पर भी 50 से 80 शेकेल खर्च हो सकते हैं। ऐसे में 10,000 रुपये टैक्सी से कुछ ही ट्रिप में खत्म हो सकते हैं। इसलिए पर्यटक अक्सर Rav-Kav कार्ड का इस्तेमाल करते हैं,जिससे खर्च कुछ हद तक नियंत्रित रहता है।
रोजमर्रा का खर्च
वहीं, अगर आप इजरायल में शॉपिंग करने की सोच रहे हैं,तो यहां जेब और ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। ब्रांडेड कपड़े या जूते खरीदने के लिए ही 300–500 शेकेल तक खर्च करना पड़ सकता है, जो भारतीय रुपये के हिसाब से 10,000 से भी ज्यादा के बराबर है। वहीं, इजरायल में रोजमर्रा की चीजें भी सस्ती नहीं हैं, जैसे एक लीटर दूध करीब 6-7 शेकेल और एक दर्जन अंडे करीब 15 शेकेल तक मिलते हैं।
