बिजनेस

पाकिस्तान के मुकाबले कितना घटा भारत का खजाना?

RBI ने बताया कि 3 अक्टूबर तक भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 699.96 बिलियन डॉलर पर आ गया, लगातार दूसरे हफ्ते गिरावट दर्ज हुई। पाकिस्तान के मुकाबले भले ही भारत का खजाना मजबूत है, लेकिन अंतर घटता जा रहा है। आइए जानते हैं दोनों देशों के विदेशी मुद्रा भंडार का क्या हाल है?

Image

Forex Reserve

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भारत के खजाने को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। RBI ने बताया कि 3 अक्टूबर, 2025 को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 276 मिलियन डॉलर घटकर 699.96 बिलियन डॉलर रह गया। यह आंकड़ा 700 बिलियन डॉलर के स्तर से थोड़ा नीचे है। पिछले हफ्ते भी भंडार 2.334 बिलियन डॉलर घटकर 700.236 बिलियन डॉलर रह गया था। यानी लगातार दूसरे हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट देखी गई। इसका मुख्य कारण विदेशी मुद्रा भंडार में कमी है। वहीं पाकिस्तान के मुकाबले भारत का खजाना अभी भी काफी मजबूत है, लेकिन अंतर लगातार कम होता जा रहा है।

विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट

विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (FCA) हैं, जो 4.049 बिलियन डॉलर घटकर 577.708 बिलियन डॉलर रह गईं। भारत के विदेशी भंडार में सिर्फ अमेरिकी डॉलर नहीं, बल्कि यूरो, पाउंड और येन जैसी करेंसी भी शामिल हैं। जब इन करेंसी की कीमतों में बदलाव होता है, तो इसका असर FCA पर भी पड़ता है। इस हफ्ते विशेष आहरण अधिकार (SDR) में थोड़ा इजाफा हुआ और यह 18.814 अरब डॉलर हो गया।

भारत अब भी मजबूत

IMF के पास भारत का आरक्षित भंडार मामूली गिरावट के साथ 4.6669 अरब डॉलर रह गया। हालांकि, यह मामूली गिरावट भारत की स्थिति को कमजोर नहीं करती। गोल्ड रिजर्व में बढ़त हुई और यह 3.753 अरब डॉलर बढ़कर 98.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया।

पाकिस्तान की स्थिति

पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार की बात करें तो 3 अक्टूबर, 2025 तक यह 14.42 अरब डॉलर तक पहुंच गया। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने बताया कि पिछले हफ्ते भी भंडार में मामूली बढ़त हुई थी। भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार गिरावट आई है, लेकिन यह अब भी दुनिया के सबसे बड़े भंडारों में शामिल है। पाकिस्तान का भंडार भारत के मुकाबले बहुत कम है और धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article