बिजनेस

हेलमेट बनाने वाली कंपनी ला रही है आईपीओ, आप ऐसे कर सकते हैं कमाई

हरियाणा की प्रमुख हेलमेट निर्माता कंपनी स्टड्स एक्सेसरीज लिमिटेड जल्द ही अपना IPO लॉन्च करने वाली है। यह अगले हफ्ते सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और हेलमेट के साथ-साथ कंपनी की एक्सेसरीज को लेकर निवेशकों में उत्सुकता देखी जा रही है ऐसे में आइए जानते हैं आप इससे कैसे कमाई कर सकते हैं?

Image

Studds IPO

हरियाणा स्थित हेलमेट निर्माता कंपनी स्टड्स एक्सेसरीज लिमिटेड (Studds Accessories Ltd) जल्द ही अपना आईपीओ (IPO) ला रही है। यह इश्यू 30 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 3 नवंबर को बंद होगा। यह अगले हफ्ते मेनबोर्ड पर लॉन्च होने वाला तीसरा IPO होगा। इसके अलावा ऑर्कला इंडिया (Orkla India) और लेंसकार्ट सॉल्यूशंस (Lenskart Solutions) का मेनबोर्ड IPO भी अगले हफ्ते खुलने वाला है। स्टड्स एक्सेसरीज ने 26 मार्च को अपना ड्राफ्ट डॉक्यूमेंट SEBI के पास दाखिल किया था, जिसे जुलाई 2025 में मंजूरी मिल गई। इस IPO का मैनेजमेंट IIFL कैपिटल सर्विसेज और ICICI सिक्योरिटीज कर रहे हैं।

IPO पूरी तरह से OFS (Offer-for-Sale) है

स्टड्स एक्सेसरीज का यह IPO पूरी तरह ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत होगा। इसमें प्रमोटर्स और अन्य सेलिंग शेयरहोल्डर्स कुल 77.86 लाख शेयर बेचेंगे। इसका मतलब है कि IPO से मिलने वाली पूरी राशि कंपनी को नहीं, बल्कि शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को जाएगी। IPO का एंकर बुक 29 अक्टूबर को खुलेगा। कंपनी 4 नवंबर तक शेयर अलॉटमेंट को फाइनल करेगी और 7 नवंबर को इसकी लिस्टिंग हो सकती है।

70 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट

स्टड्स एक्सेसरीज के पास तीन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हैं, जिनकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 9.04 मिलियन यूनिट्स है। कंपनी अपने प्रोडक्ट्स को ‘स्टड्स’ और ‘SMK’ ब्रांड के तहत बनाती और बेचती है। हेलमेट के अलावा कंपनी लगेज, दस्ताने (ग्लव्स), रेन सूट और आईवियर जैसी एक्सेसरीज भी बेचती है। कंपनी अपने प्रोडक्ट्स को दुनिया के 70 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट करती है। यह अमेरिका की Jay Squared LLC कंपनी के लिए हेलमेट बनाती है, जो वहां Daytona ब्रांड के नाम से बिकते हैं।

प्रमोटर्स और शेयर होल्डिंग

कंपनी के प्रमोटर्स में मधु भूषण खुराना, उनके पुत्र सिद्धार्थ भूषण खुराना और पुत्री शिल्पा अरोड़ा शामिल हैं। ये प्रमोटर्स मिलकर कंपनी में 78.78% हिस्सेदारी रखते हैं, जबकि बाकी 21.22% शेयर पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास हैं।

कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2025 में स्टड्स एक्सेसरीज का मुनाफा 21.7% बढ़कर 69.6 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष के 57.2 करोड़ रुपये के मुकाबले अधिक है। कंपनी का रेवेन्यू भी 10.4% बढ़कर 583.8 करोड़ रुपये रहा, जो पहले 529 करोड़ था। जून 2025 की तिमाही में कंपनी ने 20.2 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जबकि रेवेन्यू 149.2 करोड़ रुपये रहा।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article