GST Cut On Cars : 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद नए जीएसटी स्लैब को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब उम्मीद जताई जा रही है कि रोजमर्रा की कई चीजों के साथ-साथ छोटी गाड़ियों पर भी टैक्स दरों में कटौती हो सकती है। इसी कड़ी में दिल्ली और देशभर के व्यापारियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि छोटी गाड़ियों पर लगने वाला 28% जीएसटी घटाकर 18% किया जाए। इस संबंध में CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने पीएम मोदी को एक पत्र भी लिखा है।
बृजेश गोयल ने बताया कि अगर गाड़ियों पर 28% की जगह 18% जीएसटी लगेगा, तो उनकी कीमतों में 50 हजार से 70 हजार रुपए तक की कमी आ सकती है। इससे आम आदमी के लिए कार खरीदना थोड़ा आसान हो जाएगा।

छोटे कारों पर टैक्स घटाने की मांग
उदाहरण के तौर पर अगर किसी कार की एक्स-शोरूम कीमत 6 लाख रुपए है, तो मौजूदा 28% टैक्स के साथ उसकी कीमत करीब 7.74 लाख रुपए हो जाती है। लेकिन अगर टैक्स 18% कर दिया जाए, तो वही कार करीब 7.08 लाख रुपए में मिल सकती है। यानी ग्राहक को करीब 66 हजार रुपए की सीधी बचत होगी।
CTI के उपाध्यक्ष राहुल अदलखा और राजेश खन्ना ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि टैक्स में कटौती से न केवल कारें सस्ती होंगी, बल्कि पहली बार कार खरीदने वालों की संख्या भी बढ़ेगी। इससे छोटी कारों के बाजार को बूस्ट मिलेगा और साथ ही आम लोगों को भी राहत महसूस होगी।
व्यापारियों का कहना है कि सरकार को टैक्स ढांचा सरल और जनहित में बनाना चाहिए ताकि अर्थव्यवस्था को भी गति मिले और आम जनता को सीधी राहत पहुंचे।
