GST Collections: वित्त मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि भारत का सकल माल और सेवा कर (GST) संग्रह अप्रैल में 2.10 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया, जो साल-दर-साल आधार पर 12.4 प्रतिशत बढ़ रहा है। मार्च में जीएसटी कलेक्शन 1.78 लाख करोड़ रुपये रहा। इससे पहले अप्रैल 2023 में GST संग्रह का उच्चतम आंकड़ा 1.87 लाख करोड़ रुपये था। मंत्रालय ने कहा कि यह वृद्धि घरेलू लेनदेन में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि और आयात में 8.3 प्रतिशत की वृद्धि से प्रेरित थी।
अप्रैल 2024 में नेट GST रेवेन्यु 1.92 लाख करोड़ रुपए
प्रेस रिलीज के मुताबिक रिफंड के हिसाब के बाद अप्रैल 2024 के लिए नेट GST रेवेन्यु 1.92 लाख करोड़ रुपए है, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 17.1% की प्रभावशाली वृद्धि दर्शाता है।
2 लाख रुपए को पार करने की थी उम्मीद
वित्त मंत्रालय के अधिकारियों ने अप्रैल की शुरुआत में न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि अप्रैल में यह आंकड़ा 2 लाख रुपए को पार कर जाएगा।
वित्त वर्ष25 में प्रति माह 1.8 लाख करोड़ की उम्मीद
केंद्रीय अप्रत्यक्ष टैक्स और सीमा शुल्क बोर्ड के अध्यक्ष संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी, कंजप्शन टैक्स से राजस्व वित्त वर्ष25 में प्रति माह औसतन 1.8 लाख करोड़ रुपए होने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 24 में औसत जीएसटी संग्रह 1.68 लाख करोड़ रुपए था जबकि वित्त वर्ष23 में यह 1.51 लाख करोड़ रुपए था।
झूठे चालानों के खिलाफ लड़ाई में बड़ा योगदान
ईवाई इंडिया के टैक्स पार्टनर सौरभ अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी के सभी अंग सीजीएसटी, एसजीएसटी, आईजीएसटी और सेस सेगमेंट ने महत्वपूर्ण योगदान और अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे हमारी आर्थिक स्थिति और भी मजबूत हुई है। जीएसटी के अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों ने गैर-फाइलर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और झूठे चालानों के खिलाफ लड़ाई में बड़ा योगदान दिया है, जिससे राज्य की खजाने में जीएसटी जमा होने की राशि बढ़ी है।
