बिजनेस

Groww IPO GMP: ग्रो का 6,632 करोड़ रुपये का आईपीओ को दूसरे दिन 1.64 गुना हुआ सब्स्क्राइब, चेक करें क्या है GMP का भाव

Groww IPO GMP: बेंगलुरु की फिनटेक कंपनी Groww ने अपने आईपीओ का प्राइस बैंड ₹95 से ₹100 प्रति शेयर तय किया है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए कुल ₹6,632.30 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। इसमें से ₹1,060 करोड़ नए शेयर जारी करके जुटाए जाएंगे, जबकि बाकी के ₹5,572.30 करोड़ की राशि ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत मौजूदा निवेशकों द्वारा शेयर बेचकर जुटाई जाएगी।

Image

Groww IPO Latest GMP

Groww IPO GMP: स्टॉक ब्रोकिंग फर्म ग्रो की मूल कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बृहस्पतिवार को शेयर बिक्री के दूसरे दिन तक 1.64 गुना अभिदान मिला। एनएसई के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के आईपीओ को 59,82,34,950 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं, जबकि प्रस्तावित शेयरों की संख्या 36,47,76,528 थी, यानी कुल अभिदान 1.64 गुना रहा।

खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के हिस्से को 5.02 गुना अभिदान प्राप्त हुआ, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों के हिस्से को 2.26 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 20 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ। बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स ने सोमवार को एंकर निवेशकों से 2,984 करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक जुटाए। कंपनी का 6,632 करोड़ रुपये का आईपीओ शुक्रवार को बंद होगा।

कितना है प्राइस बैंड?

कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 95-100 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है, जिसका लक्ष्य 61,700 करोड़ रुपये (लगभग 7 अरब डॉलर) से अधिक का मूल्यांकन है। इस आईपीओ में 1,060 करोड़ रुपये मूल्य के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें 55.72 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल है।

कंपनी, जिसे पीक एक्सवी, टाइगर कैपिटल और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला जैसे प्रमुख निवेशकों का समर्थन प्राप्त है, आईपीओ से प्राप्त राशि का उपयोग प्रौद्योगिकी विकास और कारोबार विस्तार में करेगी। ग्रो का शेयर 12 नवंबर को सूचीबद्ध होगा।

क्या है Groww IPO GMP?

Groww IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) आज, 7 नवंबर 2025 की सुबह 6:29 बजे Investor Gain के मुताबिक ₹11 दर्ज किया गया है। कंपनी का प्राइस बैंड ₹100 तय किया गया है। यानी अगर मौजूदा GMP को जोड़कर देखा जाए, तो Groww के शेयर की अनुमानित लिस्टिंग कीमत करीब ₹111 हो सकती है। इसका मतलब है कि निवेशकों को प्रति शेयर लगभग 11% का अनुमानित फायदा मिल सकता है।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठी author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article