Gold and Silver Rate Today, 15 December 2022: अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से अगले साल भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी के संकेत के बाद आज यानी गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सोने की कीमत में गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना वायदा (Gold Price) 0.58 फीसदी या 318 रुपये की गिरावट के साथ 54,356 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी वायदा (Silver Price) 1.67 फीसदी या 1,155 रुपये की गिरावट के साथ 68,147 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
पिछले सत्र में इतना था सबसे शुद्ध सोने का दाम
दुनिया के टॉप उपभोक्ता को ओर से कोविड-19 से जुड़े प्रतिबंधों में ढील देने के बाद मांग में बढ़त आई है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (Indian Bullion and Jewellers Association) के मुताबिक हाजिर बाजार में बुधवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 54,386 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी की कीमत 67,642 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
पिछले दो हफ्तों में सोने की हाजिर कीमत 1,600 रुपये प्रति 10 ग्राम से भी ज्यादा उछली है। वहीं समीक्षाधीन अवधि में चांदी 5,700 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक बढ़ी है।
वैश्विक बाजार में इतनी है कीमत
ग्लोबल मार्केट में हाजिर सोना 0.1 फीसदी फिसलकर 1,806.11 डॉलर प्रति औंस हो गया। वहीं अमेरिकी सोना वायदा की कीमत थोड़ी बदलकर 1,817.80 डॉलर हो गई। स्पॉट सिल्वर 0.4 फीसदी गिरकर 23.81 डॉलर पर आ गई। प्लैटिनम 0.1 फीसदी हुआ और 1,027.82 डॉलर हो गया। पैलेडियम 0.1 फीसदी गिरकर 1,914.98 डॉलर हो गया।
डॉलर के मुकाबले टूटा रुपया
अमेरिकी डॉलर में मजबूती से और डोमेस्टिक शेयर बाजार में गिरावट के बीच गुरुवार को भारतीय रुपया 15 पैसे की गिरावट के साथ 82.64 के स्तर पर पहुंच गया है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनियम बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 82.63 पर खुला था। जबकि पिछले सत्र में यह 11 पैसे चढ़कर 82.49 पर बंद हुआ था।
