बिजनेस

Explained: ₹13,000 सस्ता हुआ सोना, क्या अब 1 लाख रुपये से नीचे जाएगा भाव? चांदी फिसलेगी या फिर से भरेगी उड़ान, जानें सबकुछ

सोने और चांदी की कीमत में गिरावट जारी है। इससे आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। त्योहारी सीजन के बाद शादियों का सीजन शुरू हो रहा है। सोने के गहने खरीदने में अब थोड़ी राहत मिलेगी क्योंकि कीमत कम हुई है।

Image

सोना हुआ सस्ता

दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना रिकॉर्ड हाई से करीब 11% टूट चुका है। दिवाली के बाद से सोने के भाव में 13,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आ चुकी है। आपको बता दें कि Gold ने 132,294 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड हाई लगाया था। उसके बाद से लगातार गिरावट है। शुक्रवार यानी आज एमसीएक्स पर सोने का भाव 0.29% की गिरावट के साथ 1,21,148 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमत आज 1,21,470 रुपये प्रति 10 ग्राम है। चांदी का भाव 0.47% की गिरावट के साथ 1,48,140 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रहा है। सोने और चांदी की कीमत में गिरावट से आम लोगों को थोड़ी राहत मिली है। त्योहारों के बाद अब शादियों का सीजन शुरू हो रहा है। शादियों में सोने और चांदी की मांग जबरदस्त रहती है। सोना और चांदी सस्ती होने से गहने खरीदने में राहत मिलेगी। इस बीच कई लोग सवाल पूछ रहे हैं कि क्या सोने का भाव 1 लाख रुपये से नीचे आ सकता है? सोने के अलावा चांदी को लेकर क्या है अनुमान? आइए आपके सभी सवालों के जवाब देते हैं।

₹1,00,000 से नीचे नहीं जाएगा सोना

केडिया कमोडिटी के संस्थापक और निदेशक, अजय केडिया ने बताया कि रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद सोने और चांदी की कीमत में जरूर गिरावट आई है, लेकिन आगे बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। ऐसे में अगर कुछ लोग यह अनुमान लगा रहे हैं कि सोने की कीमत 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के नीचे जल्द पहुंच सकती हैं तो वे गलत हैं। सोने का भाव 1.05 लाख से 1.10 लाख प्रति 10 ग्राम के बीच शॉर्ट टर्म में रहने का अनुमान है। इसकी वजह यह है कि वैश्विक हालात जरूर सही हो रहे हैं लेकिन दुनियाभर के सेंट्रल बैंकों द्वारा बाइंग नहीं रुक रही है। भारत समेत दुनिया के केंद्रीय बैंक सोने की खरीदारी कर ही रहे हैं। इसके चलते सोने की मांग बनी हुई है। यह कीमत में बड़ी गिरावट नहीं आने देगा। इसलिए यह कहना है कि सोने का भाव 1 लाख रुपये से नीये आ जाएगा, सही नहीं है। अगर फ्यूचर में कुछ ऐसे हालात बने तो कहना मुश्किल है।

क्‍यों ग‍िर रहा सोने का भाव ?

1. अमेरिका और चीन के बीच जल्द ट्रेड डील होने की उम्मीद से सोने के प्रति आकर्षण को कम कर दिया है। इसलिए सोना सस्ता हुआ है।

2. प‍िछले कुछ समय में डॉलर मजबूत हुआ है। इससे सोने की कीमत कम हुई है।

3. त्योहारी सीजन खत्म होने से सोने की मांग घटी है। वहीं सप्‍लाई अब भी ज्‍यादा होने के कारण भी सोने की कीमत में करेक्‍शन है।

4. निवेशक रिकॉर्ड हाई पर मुनाफावसूली कर रहे हैं। इससे सप्लाई बढ़ी है और कीमत कम हुई है। .

5. बड़े निवेशक बॉन्ड की ओर रुख कर रहे हैं। केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने खरीदने की रफ्तार कम हुई है। इसके साथ ही वैश्‍व‍िक स्‍तर पर तनाव का माहौल कम हुआ है।

चांदी की कीमत 2.5 लाख प्रति KG तक जाने की संभावना

अजय केडिया का कहना है कि निवेश के लिए लोगों को सोने की जगह चांदी को चुनने का वक्त आ गया है। दुनियाभर में चांदी की मांग बढ़ रही है। चांदी का बड़ा इस्तेमाल इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन में होता है। चांदी का इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स (मोबाइल, लैपटॉप, टीवी, सर्किट बोर्ड), सोलर पैनल (फोटोवोल्टाइक सेल में चांदी जरूरी घटक है), ऑटोमोबाइल्स (EVs में सेंसर और बैटरी कनेक्शन के लिए) और मेडिकल उपकरणों में (इसकी एंटी-बैक्टीरियल प्रॉपर्टीज के कारण) में बड़े पैमाने पर होता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में 50% से ज्यादा चांदी की मांग इंडस्ट्रियल सेक्टर से आती है। केवल सोलर इंडस्ट्री ही हर साल करीब 12 करोड़ औंस से ज्यादा चांदी इस्तेमाल कर रही है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। इसलिए आने वाले समय में चांदी की कीमत बढ़ेगी। अगर गोल्ड—सिल्वर रेश्यो को देखें तो यह इस साल अप्रैल में 107 था। अभी 84 पर चल रहा। यानी सोने के मामले चांदी अभी भी सस्ती है। इसलिए चांदी में गिरावट पर निवेश का मौका बनेगा। मेरा मनना है कि 2 से 3 साल की अवधि में चांदी की कीमत 2.5 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है। इसलिए निवेश के लिए सोने से बेहतर विकल्प चांदी है।

सोना टूटा

सोना टूटा

एक्सपर्ट का क्या है अनुमान?

मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि सोने और चांदी की कीमत में गिरावट के पीछे कई कारण है। अमेरिका और चीन के बीच व्यापार समझौते की संभावना ने सोने के प्रति आकर्षण को कम कर दिया है, जिसे निवेशक आमतौर पर अनिश्चितता के दौर में पसंद करते हैं। इसलिए अब वे सोने में पैसा नहीं लगा रहे हैं। इसलिए सोने की मांग कम हो रही है। इसके चलते कीमत गिर रही है। सोने में गिरावट का असर चांदी पर हो रहा है। इसलिए कीमत नीचे आ रही है। हालांकि, लंबे समय में सोने और चांदी में तेजी जारी रहेगी। शॉर्ट टर्म में अभी और थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। इसलिए इंतजार कर सोना या चांदी खरीदना फायदे का सौदा हो सकता है।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article