Gold and Silver Rate Today, 10 October 2022: सोमवार को सोने और चांदी की कीमत में जोरदार गिरावट आई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने की वायदा कीमत (Gold Price) करीब 400 रुपये कम होकर 51,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। इसके साथ ही चांदी (Silver Price) का दाम करीब 1200 रुपये फिसलकर 59,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (Indian Bullion and Jewellers Association) के अनुसार, हाजिर बाजार में शुक्रवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 51,765 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी 60,848 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिकी।
क्या गोल्ड में और बढ़ेगी गिरावट? देखें ईटी नाउ स्वदेश की खास रिपोर्ट -
पिछले दो हफ्तों में सोने के हाजिर भाव में करीब 1,900 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी आई है। समीक्षाधीन अवधि में चांदी की कीमत में लगभग 4,750 रुपये प्रति किलोग्राम की तेजी दर्ज की गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सस्ता हुआ सोना-चांदी
ग्लोबल मार्केट की बात करें, तो वहां हाजिर सोना 0.1 फीसदी की गिरावट के साथ 1,693.19 डॉलर प्रति औंस पर था, जबकि अमेरिकी सोना वायदा 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ 1,703.4 डॉलर पर था। सोने के साथ-साथ चांदी भी सस्ती हुई। हाजिर चांदी 1.7 फीसदी गिरकर 19.76 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। अन्य कीमती धातुओं में प्लैटिनम 0.8 फीसदी की गिरावट के साथ 905.20 डॉलर पर पहुंच गया। पैलेडियम 2,182.44 डॉलर पर स्थिर रहा। सितंबर में अमेरिकी नौकरी की वृद्धि मामूली रूप से धीमी हो गई, जबकि बेरोजगारी दर 3.5 फीसदी तक गिर गई।
अमेरिकी 10 ईयर बॉन्ड यील्ड में तेजी आई है। बाजार में ग्लोबल मंदी का डर हावी है। इसके अलावा आज भारतीय रुपया (Indian Rupee) ने गिरने का नया रिकॉर्ड बनाया और शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर की तुलना में 39 पैसे फिसलकर 82.69 के अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। भारतीय मुद्रा में उतार- चढ़ाव से सोने की कीमत प्रभावित हुई।
