Gold and Silver Rate Today, 03 January 2022: मंगलवार को देश में सोने और चांदी की कीमत में तेजी दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर पीली धातु (Gold Price) दो साल के उच्च स्तर 55,546 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई, जबकि चांदी की कीमत (Silver Price) 1 फीसदी से भी ज्यादा बढ़कर 70,573 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। उल्लेखनीय है कि अगस्त 2020 में सोने की कीमत चरम पर थी। तब 10 ग्राम गोल्ड 56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातु की कीमतों में तेजी के बीच सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोना 154 रुपये बढ़कर 55,397 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया था।
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, मंगलवार को सोने के आभूषणों के लिए सांकेतिक रिटेल बिक्री दरें इस प्रकार हैं -
- फाइन गोल्ड (999): 5,570 रुपये
- 22 कैरेट वाला सोना: 5,437 रुपये
- 20 कैरेट वाला सोना: 4,957 रुपये
- 18 कैरेट वाला सोना: 4,512 रुपये
- 14 कैरेट वाला सोना: 3,593 रुपये
(कीमत प्रति ग्राम के हिसाब से)
ग्लोबल मार्केट में इतनी बढ़ी कीमत
वैश्विक बाजारों में मंगलवार को सोने की कीमत 1 फीसदी उछलकर छह महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गई। उल्लेखनीय है कि निवेशकों को अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नवीनतम नीति बैठक के मिनट्स का इंतजाह है जिससे ब्याज दर की वृद्धि के संकेत मिले। फेड की दिसंबर पॉलिसी मीटिंग के मिनट्स बुधवार को आने वाले हैं। फेड ने दिसंबर में ब्याज दरों में 50 आधार अंकों (बीपीएस) की वृद्धि की थी।
अन्य कीमती धातुओं का इतना है दाम
हाजिर सोना 1 फीसदी बढ़कर 1,841.99 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि अमेरिकी सोना वायदा 1.2 फीसदी बढ़कर 1,847.70 डॉलर प्रति औंस हो गया। हाजिर चांदी 2 फीसदी बढ़कर 24.47 डॉलर प्रति औंस हो गई, प्लैटिनम 1.4 फीसदी महंगा होकर 1,084.28 डॉलर और पैलेडियम 0.1 फीसदी बढ़कर 1,795.19 डॉलर हो गया।
