बिजनेस

भारत ही नहीं, अब अमेरिका में भी फ्री की रेवडी! हर अमेरिकी को मिलेंगे ₹475000

तरह-तरह की योजनाओं के नाम पर भारत में जिस तरह फ्री की रेवडियां बंटती हैं, वैसा ही कुछ अब अमेरिका में होने की तैयारी है। डोनाल्ड ट्रंप ने हर अमेरिकी नागरिक को 4,75000 रुपये बांटने का ऐलान किया है।

Image

ट्रंप ने किया वोटर्स को 5000 डॉलर देने का वादा

Trump Dividend : अमेरिका में मिडटर्म चुनावी माहौल है। ट्रंप अपनी पार्टी के प्रचार में जोरशोर से लगे हैं। बुधवार को ट्रंप ने प्रत्येक वयस्क अमेरिकी नागरिक को 5000 डॉलर (करीब ₹4,75000) देने का ऐलान किया है। हालांकि, इसके लिए ट्रंप ने एक शर्त भी रखी है। ट्रंप का कहना है कि यह रकम सिर्फ तब मिलेगी, जब मिडटर्म इलेक्शन में अमेरिकी संसद के दोनों सदनों (House and Senate) में रिपब्लिकन पार्टी (Republican Party) को जीत मिलेगी।

ट्रंप ने क्या कहा?

डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को वादा किया कि अगर रिपब्लिकन मिडटर्म इलेक्शन (US Midterm Election) में हाउस और सीनेट पर कंट्रोल बनाए रखते हैं, तो वे हर वयस्क अमेरिकी को $5,000 भेजेंगे। अमेरिका में नवंबर में चुनाव होने हैं। ट्रंप अगर इस वादे को पूरा करते हैं, तो करीब 1 ट्रिलियन डॉलर खर्च होंगे। जबकि, अमेरिका पहले से ही लगभग $1.8 ट्रिलियन के सालाना बजट घाटे में है। डलास में GOP के मिडटर्म कन्वेंशन के दौरान ट्रंप ने कहा, "अगर रिपब्लिकन जीतते हैं, तो आप हमारे साथ जीतेंगे और आपको $5,000 मिलेंगे। इसे ट्रंप डिविडेंड कहा जाएगा।"

कितनी मजबूत अमेरिका की इकोनॉमी?

ग्लोबल ट्रेड में डॉलर के इस्तेमाल की वजह से भले ही अमेरिकी करेंसी मजबूत है। लेकिन, अमेरिकी इकोनॉमी खोखली हो रही है। अमेरिका पर फिलहाल करीब 40 ट्रिलियन डॉलर का कर्ज है। जबकि, अमेरिका की GDP करीब 32 ट्रिलियन डॉलर की है। डेट टू जीडीपी के रेश्यो के हिसाब से देखें, तो अमेरिका पर अपनी GDP की तुलना में 125% ज्यादा कर्ज है। अमेरिका को हर साल 1.30 ट्रिलियन डॉलर के करीब इस कर्ज का ब्याज ही चुकाना होता है।

कहां से आएगा इतना पैसा?

ट्रंप ने भले ही 5000 डॉलर बांटने का ऐलान कर दिया है। लेकिन, ऐसी कोई साफ योजना नहीं बताई है कि यह रकम कहां से आएगी। ऐसे में सवाल उठता है कि ट्रंप यह रकम नया कर्ज लेकर बांटेंगे या कहीं और से बंदोबस्त करेंगे। ट्रंप के इस ऐलान के कुछ ही देर बाद अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने दावा किया कि यह रकम टैरिफ से मिले फंड से बांटी जाएगी। इसके साथ ही वेंस ने कहा कि यह आम अमेरिकी लोगों को बांटी जाएगी, अमीर लोगों को नहीं दी जाएगी।

अमेरिका को टैरिफ से कितनी रकम मिली?

अमेरिका को 2026 में अब तक कुल 264 अरब डॉलर टैरिफ (Tariff) के तौर पर मिले हैं। इसमें से बड़ी रकम सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक लौटानी भी है। ऐसे में वेंस का यह दावा बेतुका लगता है कि टैरिफ से मिली रकम से सभी अमेरिकी लोगों को 5000 डॉलर बांटे जाएंगे

विपक्ष का दावा डिविडेंड नहीं रिश्वत

ट्रंप के इस ऐलान को लेकर अमेरिका में जबरदस्त राजनीतिक बहस छिड़ गई है। विपक्षी डेमोक्रेेट नेताओं ने ट्रंप को हताश और निराश बताते हुए कहा कि ट्रंप समझ चुके हैं कि नंवबर में उनकी बुरी तरह हार होने जा रही है। ऐसे में वे मतदाताओं को 5000 डॉलर की रिश्वत दे रहे हैं।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article